– मालिश के दौरान गर्दन तेजी से मरोड़ने का आरोप, अचेत होने के बाद अस्पताल में महिला ने तोड़ा दम; पति की तहरीर पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा
DDC : हल्द्वानी में गर्दन की मालिश के दौरान 23 वर्षीय महिला की मौत के मामले में पुलिस ने हकीम नईम पहलवान को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के पति की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना तीन अक्तूबर को कालाढूंगी रोड स्थित गुरुद्वारा गली में हुई थी। आरोप है कि गर्दन के दर्द का इलाज करने के दौरान हकीम ने महिला की गर्दन को जोर से दबाकर मरोड़ा, जिसके बाद वह अचेत हो गई। बेस अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मूल रूप से पिथौरागढ़ के डीडीहाट निवासी और वर्तमान में ईको टाउन, धानमिल क्षेत्र में रहने वाले रामचंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी 23 वर्षीय पत्नी मीनाक्षी टम्टा कई महीनों से गर्दन के दर्द से परेशान थी। तीन अक्तूबर की सुबह वह पत्नी और दो बच्चों के साथ स्कूटी से कालाढूंगी रोड स्थित गुरुद्वारा गली में नईम पहलवान हकीम के पास पहुंचे थे।
तहरीर के मुताबिक, नईम पहलवान ने गर्दन का दर्द चुटकी में ठीक करने का दावा किया। इसके बाद उसने मीनाक्षी की गर्दन दबाकर मालिश शुरू की और कथित तौर पर तेजी से मरोड़ दिया। पति का आरोप है कि पहली बार गर्दन मरोड़े जाने पर मीनाक्षी ने तेज मरोड़ने से मना किया, लेकिन इसके बावजूद उसकी गर्दन दोबारा बलपूर्वक मरोड़ी गई।
रामचंद्र के अनुसार, इसके बाद मीनाक्षी अचानक अचेत हो गई। उनकी जीभ बाहर निकल आई। परिजन आनन-फानन में उसे बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मृतका के पति ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। एसएचओ विजय मेहता ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी नईम के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।


