– रिजर्व फॉरेस्ट की जमीन पर हुए कब्जे में चलेगा बुलडोजर, पूरे इलाके को पुलिस ने दो सुपर जोन और सात जोन में बांटा
DDC : रामनगर के पूछड़ी में वन विभाग की रिजर्व फॉरेस्ट भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बीच पुलिस ने सुरक्षा का अभूतपूर्व घेरा तैयार किया है। पांच एसपी स्तर के अधिकारियों, छह सीओ, 25 निरीक्षकों, 82 उपनिरीक्षकों समेत 525 पुलिसकर्मियों और तीन कंपनी पीएसी को मोर्चे पर लगाया गया है। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने साफ कर दिया है कि सरकारी कार्रवाई में बाधा डालने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी के मुताबिक, पूरे क्षेत्र को दो सुपर जोन, सात जोन और 14 सेक्टर में विभाजित किया गया है। इसके अलावा छह बैरियर बनाए गए हैं। एसपी डॉ. जगदीश चंद्र को प्रभारी बनाया गया है। तीन अपर पुलिस अधीक्षक और छह क्षेत्राधिकारी अलग-अलग जोन की जिम्मेदारी संभालेंगे। यातायात व्यवस्था के लिए भी अलग से पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है।
पुलिस, पीएसी के अलावा मौके पर मजिस्ट्रेट, वन विभाग से दो डीएफओ, पांच एसडीओ, 14 रेंजर, 240 डिप्टी रेंजर और बीट ऑफिसर तैनात रहेंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर सर्विस, बम निरोधक दस्ता (बीडीएस), एंटी रॉयट टीम, आंसू गैस दस्ता, क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) और स्वास्थ्य विभाग की टीमों को भी तैयार रखा गया है।
30 अक्टूबर को एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने मौके पर तैनात पुलिस बल की ब्रीफ किया। अतिक्रमण प्रभावित क्षेत्र के तीन किलोमीटर के दायरे में धारा 163 बीएनएसएस लागू की गई है। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। निगरानी के लिए ड्रोन टीमें भी लगाई गई हैं।
सोशल मीडिया पर पुलिस की नजर है। अतिक्रमण अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) 05 क्षेत्राधिकारी (सीओ) 06 निरीक्षक (इंस्पेक्टर) 25 उपनिरीक्षक (एसआई) 82 हेड कांस्टेबल / कांस्टेबल 310 महिला हेड कांस्टेबल / कांस्टेबल 125 पीएसी 3 कंपनी लगाई गई है। यानी कुल पुलिसकर्मी (पीएसी को छोड़कर) 553 हैं।


