17 वर्षीय किशोरी को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, चिकित्सकों ने मृत घोषित किया, मुखानी के संगम विहार की घटना, पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
DDC : दीपावली के अगले ही दिन एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। मुखानी क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के बाद 17 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में परिवार में विवाद की बात सामने आई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बागेश्वर निवासी एक परिवार मुखानी के संगम विहार क्षेत्र में रहता है। परिवार में 17 वर्षीय बेटी भी थी। बताया जा रहा है कि नौ नवंबर को घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान किशोरी को भी परिजनों की डांट पड़ी थी। इसके बाद वह अपने कमरे में चली गई। कुछ देर बाद परिजनों को उसके साथ हुई अनहोनी का पता चला। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मंगलवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मुखानी थानाध्यक्ष सुशील जोशी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


