– भाजपा नेत्री के घर पहुंचे दबंगों से निपटने जा रहे थे मुकेश, चौकी में घुस कर बचाई जान
Mukesh Belwal beaten up in Gaulapar, DDC : उत्तराखंड में पंचायत चुनाव की सरगर्मियों के बीच एक भाजपा नेता के पिटने की खबर सामने आई है और वह भी समर्थकों के साथ। घटना नैनीताल जिले के गौलापार क्षेत्र की है। यह घटना तब हुई जब मुकेश अपने समर्थकों के साथ एक भाजपा महिला नेत्री के घर पहुंचे दबंगों से निपटने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनपर हमला हो गया। हमलवारों ने उन्हें और समर्थकों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। जान बचाने के लिए मुकेश को पुलिस चौकी में शरण लेनी पड़ी। इस मामले में पुलिस ने 9 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर किया है।
भाजपा मंडल उपाध्यक्ष भावना के घर पहुंचे थे दबंग
तारानवाड़, लछमपुर, कुंवरपुर, चोरगलिया निवासी गौलापार के पूर्व मंडल अध्यक्ष मुकेश चंद्र बेलवाल ने बताया कि 28 जुलाई को कुछ बदमाश छेड़छाड़ और मारपीट की नीयत से भाजपा मंडल उपाध्यक्ष व महिला नेत्री भावना आर्या के घर का दरवाजा पीटने लगे। इससे भयभीत भावना ने उन्हें फोन किया। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी और कुछ साथियों के साथ महिला नेत्री के घर गोविंद ग्राम की ओर निकल पड़े।
मुकेश का आरोप है कि पुलिस के साथ वह लोग भावना के घर जा रहे थे कि तभी नितिन जोशी, मोनू बिष्ट, मोहित बिष्ट, धीरज बिष्ट, भैरव देउपा, राज बोरा, सूरज बिष्ट, अतुल बोरा और सौरभ आर्या ने अपने साथियों के साथ मुकेश व उनके साथियों के पर हमला कर दिया। लाठी-डंडों से लैस हमलावरों ने लोगों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। हमले में गौरव जोशी व भुवन जोशी को गंभीर चोटें आईं हैं।
जिला पंचायत सदस्य की प्रत्याशी हैं मुकेश की पत्नी
मुकेश व उसके अन्य साथी पुलिस की मौजूदगी में किसी तरह से वहां से जान बचाकर खेड़ा पुलिस चौकी पहुंचे। बता दें कि मुकेश बेलवाल की पत्नी इस बार जिला पंचायत सदस्य की प्रत्याशी हैं और खुद मुकेश बेलवाल भी भाजपा नेता होने के साथ एक बड़े कारोबारी भी हैं। काठगोदाम थानाध्यक्ष पंकज जोशी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।


