– कुमाऊ के सबसे बड़े हॉस्पिटल एसटीएच के पास औषधि नियंत्रण विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीनों के लाइसेंस निरस्त
Medical stores closed due to cough syrup, DDC : देशभर में मौतों की वजह बन रहे कफ सिरप पर नैनीताल जिले में घोर लापरवाही बरती जा रही है। गुरुवार को औषधि नियंत्रण विभाग ने कुमाऊं के सबसे बड़े डॉ.सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय के पास बड़ी कार्रवाई की। यहां बिना चिकित्सकीय परामर्श के बच्चों के कफ सिरप धड़ल्ले से बेचे जा रहे थे। इस घोर अनियमितता पर औषधि नियंत्रण विभाग के अधिकारियों ने तीन मेडिकल स्टोर पर ताला जड़ते हुए तीनों का लाइसेंस निरस्त कर दिया।
औषधि नियंत्रण विभाग, हल्द्वानी के बड़े सरकारी अस्पतालों के आस-पास चैकिंग अभियान चला रही है। इसी क्रम में गुरुवार को रामपुर रोड स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय के पास अभियान चलाया गया। उनके साथ प्रशासन की ओर से तहसीलदार कुलदीप पांडे और पुलिस भी मौजूद रही।
अस्पताल के आस-पास के पांच मेडिकल स्टोरों पर छापा मारकर जांच की गई तो पता चला कि रहमान मेडिकल हॉल, नीम करौली मेडिकोज और आदर्श मेडिकोज पसे बिना चिकित्सकीय परामर्श और वैध पर्चे के ही बच्चों के कफ सिरप बेचे जा रहे थे।
औषधि नियंत्रण विभाग ने तुरंत ही कार्रवाई करते हुए इन तीनों ही मेडिकल स्टोरों को बंद करा दिया। साथ ही लाइसेंस को निरस्त करने की मौके पर ही संस्तुति भी कर दी। इसके साथ ही तीन कफ सिरपों को जांच के लिए जब्त कर लिया।
अभी तक हल्द्वानी और आस-पास के क्षेत्रों में करीब 20 कफ सिरपों को जांच के लिए भेजा गया है। इनकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। घटना के बाद मेडिकल स्टोर स्वामियों में हड़कंप मचा है।
वरिष्ठ औषधि निरीक्षक मीनाक्षी बिष्ट ने बताया कि बिना डॉक्टर के परामर्श और पर्चे के कफ सिरप नहीं बेचा जाएगा। जो भी ऐसा करेंगे उनके ऊपर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बताया कि अभियान आगे भी जारी रखा जाएगा। इस दौरान औषधि निरीक्षक अर्चना, जीवन चनियाल, पूरन सिंह रहे।


