– सोमवार रात करीब दो बजे रामपुर रोड पर भिड़ी स्कॉर्पियो और कार, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
Accident in Haldwani, DDC : हल्द्वानी में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सोमवार देर रात कार और स्कॉर्पियो में टक्कर हो गई। कार सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और दो लोग घायल हो गए। जबकि स्कॉर्पियो सवार बाल-बाल बच गया। दूसरे मामले में तेज रफ्तार बाइक सवार ने वृद्धा को अपनी चपेट में ले लिया और हादसे में वृद्धा की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर स्कॉर्पियो सवार को गिरफ्तार कर लिया है।
बनभूलपुरा के लाइन नंबर-17 निवासी 30 वर्षीय जाहिद पुत्र अब्दुल गनी की कैंसर पीड़ित मां रुद्रपुर के निजी अस्पताल में भर्ती हैं। सोमवार रात करीब दो बजे जाहिद अपने सगे भाई 26 वर्षीय साजिद, सास शाहजहां (60), नानी अफसरी (75) और रिश्ते की बहन मुस्कान (15) के साथ मां से मिल कर वापस हल्द्वानी लौट रहा था।
बेलबाबा मंदिर से दो किमी आगे अंधे मोड़ पर हल्द्वानी से रूद्रपुर की ओर जा रही स्कॉर्पियो ने कार सवारों को चपेट में ले लिया। भीषण हादसे में साजिद, शाहजहां और बुजुर्ग अफसरी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मुस्कान और जाहिद घायल हो गए। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एक को हिरासत में लिया गया है।
वहीं, कुंवरपुर चौराहा गौलापार निवासी 65 वर्षीय दुर्गा देवी सोमवार दोपहर सड़क पार कर रहीं थी, तभी बाइक ने उन्हें चपेट में ले लिया। उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। काठगोदाम थानाध्यक्ष पंकज जोशी ने बताया कि मृतका की बेटी दीपा जोशी की तहरीर के आधार पर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।


