– SSP मीणा के निर्देश पर पुलिस ने पांच टीमों में बंटकर चलाया अभियान
CSC Center of Banbhulpura, DDC : ग्राहकों की सेवा के नाम पर हर गली और नुक्कड़ पर खुले सीएससी सेंटर पर पुलिस का छापा पड़ा तो खामियां बाहर आ गईं। नैनीताल जिले के हल्द्वानी स्थित बनभूलपुरा थानाक्षेत्र में हुई कार्रवाई में 8 ऐसे सीएससी सेंटर पकड़ में आए, जहां नियमों का मखौल उड़ाया जा रहा था। इन सभी सेंटर पर पुलिस ने ताला जड़ दिया।
एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा के निर्देश पर मंगलवार को थाना बनभूलपुरा क्षेत्र में CSC सेंटर में आमनागरिकों की सुरक्षा व सेवा की गुणवत्ता को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से चेकिंग अभियान चलाया गया। सीओ हल्द्वानी नितिन लोहनी और सीओ रामनगर सुमित पांडेय के नेतृत्व में थानाध्यक्ष बनभूलपुरा सुशील कुमार के साथ 5 टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में सघन अभियान चलाया।
अभियान के दौरान कुल 19 सेंटरों की चेकिंग की गई और अनियमितताएं पाए जाने पर 8 सेंटरों को तत्काल बंद करा दिया गया। पुलिस के मुताबिक इन सेंटर्स में रजिस्टर मेंटेन नहीं किए गए थे, रेट लिस्ट उपलब्ध नहीं थी, CCTV कैमरे नहीं लगे थे और न ही संचालकों की शैक्षिक योग्यता का प्रमाण उपलब्ध था।
इन सेंटर्स को कराया गया बंद
1. सब्बू CSC सेंटर, छोटी रोड बनभूलपुरा
2. सोल्यूशन पॉइंट, ठोकर बनभूलपुरा
3. साइबर प्लेनेट, छोटी रोड बनभूलपुरा
4. ग्राहक सेवा केंद्र, उत्तर उजाला बनभूलपुरा
5. नसीम CSC सेंटर, बड़ी मस्जिद के पास बनभूलपुरा
6. डिजिटल स्टेशन CSC सेंटर, नूरी मस्जिद के पास बनभूलपुरा
7. अंसारी डिजिटल सेवा केंद्र, लाइन नंबर-16 बनभूलपुरा
8. देवभूमि जन सेवा केंद्र, लाइन नंबर-16 बनभूलपुरा


