– खेड़ा में मंगलवार रात आमने-सामने टकराई बाइकें, भाई आईसीयू में
Youth dies in motorcycle collision, DDC : नैनीताल जिले के गौलापार में सड़क हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। एक बार फिर यहां दो बाइकों की जोरदार भिडंत हो गई। हादसे में बाइक सवार कारोबारी की मौत हो गई। जबकि उसके रिश्ते का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक कारोबारी के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखा गया है।
मूल रूप से उजाला नगर हल्द्वानी और हाल खेड़ा निवासी असलम सैफी की खेड़ा, गौलापार में फर्नीचर की दुकान है। यहां उसके साथ रिश्ते का भाई नासिर भी काम करता है। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात दोनों दुकान बंद करके घर की ओर निकल गए थे। लेकिन इसी बीच उन्हें याद आया कि हेलमेट दुकान में ही रह गया।
दोनों दोबारा दुकान की ओर आ रहे थे कि इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक सीधे उनकी बाइक से आ टकराई। हादसे में असलम और नासिर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल लाया गया जहां असलम ने दम तोड़ दिया। जबकि नासिर को आईसीयू में भर्ती किया गया है। उसकी हालत भी नाजुक बताई जा रही है।
जबकि दूसरे बाइक सवार को हल्की चोट आई लेकिन वह मौके से फरार हो गया। खेड़ा चौकी प्रभारी रवीन्द्र राणा ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम बुधवार को किया जाएगा। फरार बाइक सवार को खोजा जा रहा है।


