– नाले पर अतिक्रमण की कवरेज से नाराज दबंगों ने पीटकर फेंका था नाले में, पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया दो लोगों को गिरफ्तार
Journalist Deepak Adhikari attacked, DDC : नाले पर हो रहे अतिक्रमण की कवरेज से नाराज दबंगों ने पत्रकार पर जानलेवा हमला कर दिया। उसे बेरहमी से पीटा और कई फीट गहरे नाले में फेंक दिया। गंभीर अवस्था में पत्रकार का अस्पताल में उपचार चल रहा है। इधर, मामले में आनन-फानन में मुकदमा दर्ज करने कर वारदात को अंजाम देने वाले दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही प्रशासन ने भी आनन-फानन में कार्रवाई की और उस अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया, जिसकी कवरेज के एवज में पत्रकार से मारपीट की गई।
हिम्मतपुर तल्ला निवासी पत्रकार दीपक चंद्र अधिकारी पुत्र हीरा बल्लभ अधिकारी मंगलवार को कवरेज के लिए ऊंचापुल गए थे। यहां नाले की रिटेनिंग वॉल पर अतिक्रमण चल रहा था। दीपक कैमरे पर इस अतिक्रमण को दिखा ही रहे थे कि तभी अजीत चौहान और अनिल चौहान नाम के आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। गाली-गलौज करते हुए उन्हें बेरहमी से पीटा और जान से मारने की नीयत से दीपक को करीब 15 फीट गहरे नाले में फेंक दिया।
हमले में दीपक बुरी तरह घायल हुए और उन्हें उपचार के लिए नैनीताल रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मेयर गजराज बिष्ट, एडीएम विवेक राय, एसडीएम राहुल शाह, नगर आयुक्त परितोष वर्मा समेत भाजपा के कई पदाधिकारी उनका हाल जानने अस्पताल पहुंचे।
मुखानी थानाध्यक्ष दिनेश जोशी ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी का कहना है कि इसी तरह की खुली गुंडई को किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इधर, मामले ने तूल पकड़ा तो जिला विकास प्राधिकरण के सचिव विजय नाथ शुक्ला के नेतृत्व में प्राधिकरण की टीम घटना स्थल पर पहुंची और नाले की दीवार पर हो रहे अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से ढहा दिया।
नक्शा कॉप्लेक्स का और निर्माण नाले की दीवार पर
ऊंचापुल के चीनपुर में जिस नाले पर अतिक्रमण हो रहा था, वहां एक पीले रंग का बोर्ड लगा था। जिसके तहत अतिक्रमणकारी यह दर्शा रहा था कि जिस दीवार पर निर्माण हो रहा है, वह पूरी तरह वैध है और निर्माण का नक्शा पास है। हालांकि घटना के बाद मामले ने तूल पकड़ा और जब प्राधिकरण की टीम ने जांच की तो पाया कि अतिक्रमण के ठीक बगल में आरोपियों का एक कॉम्प्लेक्स है। नक्शा इसी कॉम्प्लेक्स था और अवैध निर्माण पर कोई अंगुली न उठा सके, इसी लिए आरोपियों ने नक्शे के निर्माण स्थल पर लगा दिया था। इस पर जब पत्रकार दीपक ने सवाल उठाए तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की कोशिश की। इस घटना से कुछ दिन पहले इन्हीं आरोपियों ने एक और पत्रकार को बेरहमी से पीट दिया था।
एक और पत्रकार ने आरोपियों पर लिखाया मुकदमा
पत्रकार दीपक के साथ मारपीट करने वाले आरोपियों ने कुछ दिन पहले एक और पत्रकार को जान से मारने की कोशिश की थी। इस मामले में भी मुखानी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पत्रकार सचिन जोशी ने बताया कि 7 नवंबर की शाम वह ऊंचापुल पर सामान खरीदने गए थे। तबी उनकी नजर नाले की दीवार पर हो रहे अवैध अतिक्रमण पर पड़ी। इस वह अतिक्रमण का वीडियो बनाने लगे। तभी चौहान बिल्डर्स के दो युवकों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। गाली-गलौज की और लात-घूसों से पीटा। आरोपी अनिल चौहान और उसेक भाई ने रिवाल्वर से मारने की धमकी दी। पत्रकार हूं बताने के बाद भी मारा। आरोपियों ने उनके द्वारा बनाया गया वीडियो भी डिलीट करा दिया।


