सुप्रीम फैसले से पहले बनभूलपुरा से 15 गिरफ्तार, पाबंद किए गए मौलाना कासमी

प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बनभूलपुरा की तंग गलियों में फुटमार्च करती पुलिस।

– 15 लोगों को तामील कराए गए नोटिस, इससे 21 की गिरफ्तारी व 121 को दिए थे नोटिस

Banbhulpura vs Railway Land Encroachment Case, DDC : सुप्रीम कोर्ट से आने वाले संभावित फैसले से पहले हल्द्वानी हाई अलर्ट पर है। माहौल शांतिपूर्ण बना रहे, इसको लेकर एक बार फिर गिरफ्तारियों का सिलसिला मंगलवार को शुरू हुआ। शाम ढलते-ढलते पुलिस ने शंका के आधार पर 15 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। इन सभी को बुधवार को कोर्ट के सामने पेश किया जाएगा। सबसे अहम कार्रवाई मौलाना मोहम्मद असीम कासमी पर की गई है और ये चर्चा का विषय बना हुआ है।

एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल के मुताबिक, सुरक्षा के मद्देनजर कई दिनों से ऐसे लोगों को चिह्नित किया जा रहा था, जो सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद हिंसा फैला सकते हैं या फिर लोगों को बरगला सकते हैं। ऐसे 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 15 लोगों को नोटिस तामील कराए गए हैं। जिन्हें नोटिस तामील कराए गए हैं, उनमें दो मौलाना भी हैं और सबसे ज्यादा चर्चा मौलाना असीम कासमी के नाम पर हो रही है।

बता दें कि हाल में हुए दिल्ली बम धमाके के मामले में दिल्ली पुलिस हल्द्वानी पहुंची थी। पुलिस ने बनभूलपुरा स्थित बिलाल मस्जिद के मौलाना असीम कासमी को हिरासत में लेकर कई घंटों तक पूछताछ की थी और फिर छोड़ दिया था। पुलिस का मानना है कि उक्त मौलाना की आम शोहरत है और उसके कहने पर सैकड़ों की भीड़ जमा हो सकती है।

इसी वजह से कासमी को 50 हजार रुपए के निजी मुचलके पर पाबंद किया गया है। बहरहाल, इससे पहले लगी 2 दिसंबर की तारीख से पहले भी पुलिस ने 21 लोगों को गिरफ्तार किया था और 121 लोगों को नोटिस तामील कराए थे। एसपी सिटी के मुताबिक, गिरफ्तारियों की संख्या में इजाफा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top