– मृतकों के दोस्त ही हत्यारे, मर्डर से पहले घटना स्थल पर की थी शराब और ड्रग्स पार्टी, चारों यार गिरफ्तार
Murder of live-in partner in Haldwani, DDC : नैनीताल जिले के हल्द्वानी में बुधवार देर रात एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। मुखानी थानाक्षेत्र में लिव-इन में रहने वाले प्रेमी जोड़े की मंडी परिसर स्थित गल्ला मंडी क्षेत्र में बेरहमी से हत्या कर दी गई। दोनों के चेहरे और सिर को उन्हीं के चार दोस्तों ने भारी पत्थर से कुचल-कुचल कर मौत के घाट उतार दिया और फरार हो गए। सुबह होते ही जब मंडी में युवक और युवती के लहूलुहान शव मिले तो सूचना आग की तरह फैली और कुछ ही देर में घटना स्थल पर मजमा लग गया। एसएसपी समेत जिले के सभी पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। हत्या के कुछ घंटों के भीतर ही पुलिस ने चारों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों मृतकों के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने हल्द्वानी कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
31 साल का प्रेमी, प्रेमिका 19 साल की
पुलिस के अनुसार मूलरूप से अल्मोड़ा जिले के लोअर माल रोड, तल्ला खोल्टा निवासी 31 वर्षीय शुभम कुमार टम्टा पुत्र केएल टम्टा, मुखानी क्षेत्र स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। शुभम लगभग पांच माह से ओखलकांडा ब्लॉक के तल्ली पोखरी निवासी 19 वर्षीय लक्ष्मी पोखरिया पुत्री हेम चंद्र पोखरिया के साथ मुखानी चौराहे के पास किराये के कमरे में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। लक्ष्मी एमबीवीजी कॉलेज में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा थी और कुछ समय पहले तक एक मेडिकल स्टोर में काम करती थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि बुधवार रात शुभम, लक्ष्मी, शुभम का दोस्त उत्तरांचल विहार बड़ी मुखानी पीलीकोठी निवासी 25 वर्षीय दीपेश लटवाल उर्फ राज पुत्र बहादुर सिंह लटवाल, गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर (25 वर्ष) पुत्र स्व.उमेश सिंह निवासी वसुंधरा कालोनी बरेली रोड धानमिल, सौरभ भट्ट उर्फ भटिया (20 वर्ष) पुत्र विनोद चंद्र भट्ट निवासी तीनपानी खन्ना फार्म डी क्लास बरेली रोड और दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव (20) पुत्र स्व.नन्हू लाल शर्मा निवासी वसुंधरा कालोनी बरेली रोड धानमिल ने नवीन मंडी परिसर स्थित गल्ला मंडी के एक गोदाम की छत पर शराब व ड्रग्स पार्टी की।
एसएसपी डॉ.मंजूनाथ टीसी के मुताबिक पार्टी के दौरान नशे की हालत में शुभम और ध्रुव के बीच के बीच परिवार को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी हुई। इस पर विवाद हो गया। पहले कहासुनी हुई, फिर विवाद इतना बढ़ गया कि माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया। गुस्से में शुभम अपनी प्रेमिका लक्ष्मी को लेकर गोदाम की छत से नीचे उतरने लगा, लेकिन पीछे से उसके चारों दोस्त भी नीचे आ गए और गाली-गलौज करने लगे।

इसी दौरान युवकों ने पहले शुभम पर हमला बोल दिया। उसके मुंह और सिर पर भारी पत्थर से ताबड़तोड़ वार किए गए। जब लक्ष्मी ने बीच-बचाव करने और विरोध करने की कोशिश की तो उस पर भी उसी पत्थर से जानलेवा हमला कर दिया गया। आरोपियों ने दोनों के चेहरे पर कई बार वार कर उन्हें बेरहमी से कुचल डाला। दोनों की मौके पर ही दोनों की मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद चारों युवक वहां से फरार हो गए। यही पूरी वारदात बुधवार रात तकरीबन 12 बजे हुई और पुलिस को घटना की जानकारी गुरुवार सुबह करीब पौने आठ बजे मिली। दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ कराया गया। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर फोरेंसिक टीम से भी साक्ष्य जुटाए।
जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में देर रात एक संदिग्ध कार घटनास्थल के पास से गुजरती दिखी। पुलिस इस फुटेज और मोबाइल सर्विलांस के आधार पर आरोपियों को गोरापड़ाव बाईपास से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना स्थल से आलाकत्ल पत्थर, आरोपियों से मृतकों के मोबाइल फोन और नाले में छिपाए गए आरोपियों के खून से सने कपड़े बरामद कर लिए गए हैं।


