– 15 जून को उमड़ने वाली भीड़ के मद्देनजर कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, निजी और सहायता प्राप्त विद्यालयों समेत आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद
Schools Closed on Kainchi Dham Foundation Day, DDC : कैंची धाम मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने विकासखंड भीमताल और बेतालघाट क्षेत्र के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 15 जून (सोमवार) को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
जारी आदेश के अनुसार विद्यार्थियों और आमजन की सुविधा तथा यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। अवकाश विकासखंड भीमताल एवं बेतालघाट के अंतर्गत संचालित सभी शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर लागू होगा।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक एवं बेसिक) तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास को निर्देश दिए हैं कि आदेश की सूचना समय रहते सभी विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं और आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों के अभिभावकों तक पहुंचाई जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अवकाश केवल शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए रहेगा। संबंधित क्षेत्रों के सभी अन्य शासकीय कार्यालय पूर्ववत संचालित होंगे तथा अधिकारी और कर्मचारी अपने निर्धारित समय पर कार्यालयों में उपस्थित रहेंगे।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि आदेश की अवहेलना अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

