– वाटर कूलर के भुगतान के एवज में मांगी थी रिश्वत, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी पर भी लगा आरोप
Corrupt Junior Engineer arrested, DDC : उत्तराखंड सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऊधमसिंह नगर के जसपुर ब्लॉक में तैनात कनिष्ठ अभियंता (जेई) विवेक कुमार को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस की ट्रैप टीम ने सोमवार, 29 जून को कुंडा-काशीपुर क्षेत्र में यह कार्रवाई की। मामले में एक ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (वीपीडीओ) के खिलाफ भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
सतर्कता अधिष्ठान के अनुसार एक पंजीकृत ठेकेदार ने टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने जसपुर ब्लॉक क्षेत्र में वाटर कूलर लगाने का कार्य किया था। कार्य का भुगतान जारी करने के एवज में जेई विवेक कुमार ने 20 हजार रुपये, जबकि ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर ने 12 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने विजिलेंस से शिकायत की। प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में विशेष ट्रैप टीम गठित की गई।
सोमवार को विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और जेई विवेक कुमार को शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी गई है।
एसपी विजिलेंस दीप शिखा अग्रवाल ने बताया कि मामले में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक सागर की भूमिका भी जांच के दायरे में है और उनके खिलाफ भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैप टीम को मिलेगा नकद पुरस्कार
विजिलेंस निदेशक डॉ. वी. मुरुगेशन ने सफल ट्रैप कार्रवाई करने वाली टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। उन्होंने आम जनता से भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे आने की अपील करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति रिश्वत मांगने की शिकायत टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 या व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर दर्ज करा सकता है।

