. गोविंद बल्लभ पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान में भर्ती परीक्षा के दौरान खुलासा, हरियाणा का युवक दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देता मिला
MTS Recruitment Exam, DDC : गोविंद बल्लभ पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान, कोसी-कटारमल में आयोजित एमटीएस भर्ती परीक्षा में दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने का मामला सामने आया है। संस्थान के प्रशासनिक अधिकारी की शिकायत पर सोमेश्वर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रशासनिक अधिकारी सजीष कुमार पी.वी. की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को संस्थान में समूह-‘ग’ (एमटीएस) आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के एक पद तथा प्रवर श्रेणी लिपिक की भर्ती प्रक्रिया के तहत लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा में कुल 12 अभ्यर्थी शामिल हुए थे।
परीक्षा के दौरान निरीक्षकों को एक अभ्यर्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न कराने के बाद निरीक्षकों ने संबंधित अभ्यर्थी से पूछताछ की। जांच में पता चला कि हरियाणा के कैथल निवासी अमित कुमार के स्थान पर हरियाणा के जींद निवासी साहिल परीक्षा दे रहा था। पूछताछ में साहिल ने भी स्वीकार किया कि वह अमित कुमार के स्थान पर परीक्षा देने आया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए संस्थान ने संबंधित दस्तावेजों के साथ पुलिस को तहरीर सौंपकर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

