भाई से झगड़े के बाद युवती ने गौला पुल से लगाई छलांग

भाई से झगड़ कर गौलापुल से कूदी युवती।
  • – मूलरूप से किच्छा की रहने वाली है लड़की, बनभूलपुरा में है किराए का घर

Young Woman Jumps from Gaula Bridge, DDC : बनभूलपुरा क्षेत्र में भाई से हुए मामूली विवाद के बाद एक 20 वर्षीय युवती ने गौला पुल से नदी में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों की सतर्कता से उसकी जान बच गई। गंभीर हालत में युवती को पुलिस ने सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) में भर्ती कराया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार मूल रूप से उधमसिंह नगर के किच्छा निवासी वसीम का परिवार फिलहाल बनभूलपुरा के इंद्रा नगर छोटी रोड स्थित किराये के मकान में रह रहा है। बताया गया कि परिवार करीब पांच दिन पहले ही यहां रहने आया था।

बुधवार शाम करीब 20 वर्षीय मुस्कान घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका अपने भाई से विवाद हो गया। परिजनों ने इसे सामान्य भाई-बहन की नोकझोंक समझा, लेकिन मुस्कान घर से निकल गई और सीधे गौला पुल पहुंचकर नदी में छलांग लगा दी।

पुल के आसपास मौजूद लोगों ने घटना देख तुरंत नदी में उतरकर युवती को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को तत्काल एसटीएच अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

कोतवाली प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि युवती का उपचार चल रहा है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top