- . मोबाइल में खुला पत्नी का प्रेम-प्रसंग, फिर रची पति की हत्या की साजिश, हत्या के बाद शव खाई में फेंका, चाकू झाड़ियों में छिपाया
- DDC : देहरादून में एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने 12 घंटे के भीतर चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी का पड़ोसी युवक से करीब दो-तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के फोटो और वीडियो मृतक के मोबाइल में सामने आने के बाद पति ने दोनों को जान से मारने और रिश्ते का राज खोलने की धमकी दी। इसके बाद पत्नी और उसके प्रेमी ने कथित तौर पर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। पत्नी शराब पार्टी के बहाने पति को जंगल में ले गई और नशे में धुत होने के बाद प्रेमी के साथ मिलकर चाकू से उसका गला काट दिया। हत्या के बाद शव खाई में फेंक दिया गया।
मामला प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मंडुवाला स्थित डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल का है। शनिवार को जंगल की खाई से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान मदन मुखिया (38) पुत्र बालेश्वर मुखिया, मूल निवासी बिहार और हाल निवासी मंडुवाला झाझरा, देहरादून के रूप में हुई। उसके गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले थे।
मकान मालिक की तहरीर पर मुकदमा
शव मिलने के बाद मृतक के मकान मालिक सुरेंद्र सिंह की तहरीर पर प्रेमनगर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। मामला ब्लाइंड मर्डर होने के कारण पुलिस ने मृतक के संपर्कों, मोबाइल और आसपास के लोगों की जानकारी जुटानी शुरू की।
इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध के बारे में जानकारी मिली। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मृतक के पड़ोसी लल्लन शर्मा (23), मूल निवासी बिहार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, सख्ती से पूछताछ में लल्लन ने हत्या की पूरी कहानी सामने रख दी।
मोबाइल में मिले फोटो-वीडियो से खुला राज
एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोबाल के अनुसार, पूछताछ में लल्लन ने बताया कि उसका मृतक मदन की पत्नी मीना के साथ करीब दो-तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक, दो दिन पहले मांडुवाला में तिरूपति मंदिर में मजदूरी के दौरान मदन को अपने मोबाइल फोन में लल्लन और मीना के फोटो व वीडियो दिखाई दिए। इसके बाद मदन ने दोनों को जान से मारने और उनके रिश्ते की जानकारी सभी को देने की धमकी दी। पुलिस के अनुसार, इसी के बाद दोनों ने मदन की हत्या करने की योजना बनाई।
शराब पार्टी के बहाने जंगल ले गई पत्नी
पुलिस के मुताबिक, साजिश के तहत मीना अपने पति मदन को शराब पार्टी के बहाने जंगल में ले गई। वहां मदन के नशे में धुत होने के बाद मीना और लल्लन ने कथित तौर पर चाकू से उसकी गर्दन पर वार कर हत्या कर दी।
हत्या के बाद दोनों ने शव को जंगल से नीचे खाई में फेंक दिया। वारदात में इस्तेमाल चाकू को भी झाड़ियों में छिपा दिया गया। पुलिस अब हत्या में प्रयुक्त चाकू और अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लेकर मामले की कड़ियां जोड़ रही है।
12 घंटे में खुला ब्लाइंड मर्डर
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद हत्यारोपी बच निकलने की कोशिश में थे, लेकिन जांच के दौरान मिले सुरागों और संदिग्ध से पूछताछ के बाद वारदात का खुलासा हो गया। प्रेमनगर थानाध्यक्ष गिरीश नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने करीब 12 घंटे में मामले का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी मीना और उसके प्रेमी लल्लन शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, दोनों से पूछताछ के आधार पर हत्या की साजिश, वारदात की जगह और शव ठिकाने लगाने से जुड़े साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
एसएसपी ने टीम की सराहना की
एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की। तकनीकी और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस टीम संदिग्ध तक पहुंची और पूछताछ में मामले का खुलासा हुआ। उन्होंने ब्लाइंड मर्डर का कम समय में खुलासा करने वाली टीम की सराहना की।


