– एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने दिवंगत साथी के परिजनों को बंधाया ढांढस, परिवार को दी सहायता राशि, पुलिस परिवार ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
Fireman Jagjit Singh Dies in Road Accident, DDC : नैनीताल जिले के फायर स्टेशन मल्लीताल में तैनात फायरमैन जगजीत सिंह का ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में निधन हो गया। उनके निधन से पुलिस और अग्निशमन विभाग में शोक की लहर है। मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी समेत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत फायरमैन को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। एसएसपी ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया और विभाग की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा दिया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि पुलिस विभाग इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि दिवंगत कर्मी के आश्रितों को प्राथमिकता के आधार पर सभी विभागीय सहायता और देयकों का भुगतान कराया जाएगा। साथ ही अंतिम संस्कार के लिए तात्कालिक आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।
एसएसपी समेत पुलिस अधिकारियों ने दिवंगत फायरमैन के पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम विदाई दी। उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव बाजावाला, बाजपुर ले जाया गया, जहां उन्हें राजकीय सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।
इस अवसर पर एसपी डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ अमित कुमार सैनी, सीओ प्रशिक्षु विनय सिंह, कोतवाल विजय मेहता, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह और अग्निशमन अधिकारी मिन्दरपाल सहित अनेक पुलिस और फायर कर्मी मौजूद रहे।
फायरमैन जगजीत सिंह ने वर्ष 2007 में उत्तराखंड अग्निशमन सेवा में भर्ती होकर लगभग 19 वर्षों तक विभिन्न जनपदों में सेवाएं दीं। उन्होंने उधमसिंह नगर, नैनीताल और चंपावत में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। वर्ष 2024 से वह फायर स्टेशन मल्लीताल में तैनात थे।

