– मोहर्रम के रोज की घटना, घर से बाजार के लिए निकली थी नाबालिग, किसी पहचान वाले पर घटना का शक
Rape in Banbhulpura, DDC : बनभूलपुरा में मोहर्रम के रोज घर से बाजार के लिए निकली नाबालिग का एक युवक ने अपहरण कर लिया। उसका नशा सुंघा कर अपहरण और फिर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। बताया जाता है कि घटना से आहत पीड़िता ने अपने हाथ की नस काट कर जान देने की कोशिश की। पुलिस ने इस मामले में पीड़िता से पूछताछ की, लेकिन वह कुछ भी बोलने से बच रही है। शक है कि घटना को किसी जानने वाले ने ही अंजाम दिया है। फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस मामले में बनभूलपुरा निवासी पीड़िता के भाई ने पुलिस को तहरीर सौंपी है। भाई ने बताया कि मोहर्रम के रोज उसकी बहन घर से बाजार कुछ खरीदारी करने निकली थी। इसी बीच किसी युवक ने उसे नशा सुंघा दिया और अर्द्ध बेहोशी की हालत में उसे अपने साथ ले गया। युवक ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और जब पीड़िता बेहोशी से उबरी तो अवसाद में आकर उसने अपने हाथ की नस काट ली।
परिजनों ने गंभीर अवस्था में उसे सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस को घटना की जानकारी मिली तो वह पूछताछ के लिए पीड़िता के पास पहुंची, लेकिन पीड़िता ने घटना के बारे में युवक की पहचान के बाबत कुछ भी बताने से गुरेज किया। हालांकि पुलिस को शक है कि घटना को किसी करीबी ने ही अंजाम दिया है।
प्रभारी थानाध्यक्ष बनभूलपुरा सुशील कुमार ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल करा दिया गया है, लेकिन वह बयान देने से बच रही है। तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। संभवत: मामला प्रेम प्रसंग का हो सकता है।


