अधर में फंसा सैनिकों के बच्चों का छात्रावास, दून से दौड़े सैनिक कल्याण मंत्री

– चांदनी चौक गरवाल में प्रस्तावित छात्रावास की भूमि पर राजस्व और वन विभाग का दावा

Soldiers’ children’s hostel, DDC : पूर्व सैनिकों की लंबी मांग के बाद शहर के चांदनी चौक गरवाल में 150 कमरों के आधुनिक छात्रावास बनने का रास्ता साफ हुआ, लेकिन अब इस पर अड़ंगा लगता नजर आ रहा है। छात्रावास की प्रस्तावित भूमि पर राजस्व और वन विभाग ने अड़ंगा डाल दिया है। जिसके बाद देहरादून से सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी रविवार को प्रस्तावित भूमि पर पहुंचे। उनके आने की खबर पर पूरा प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। मंत्री ने जिलाधिकारी को निर्देशित किया है कि एक सप्ताह के भीतर स्थिति स्पष्ट करें।

सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने सैनिकों के बच्चों के लिए 150 कक्षों के प्रस्तावित आधुनिक छात्रावास निर्माण के लिए गन्ना सेंटर के पास चांदनी चौक गरवाल में सैनिक कल्याण विभाग द्वारा चयनित 0.7 हेक्टेयर भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने वन विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की और चयनित भूमि से संबंधित प्रकरण का एक सप्ताह के भीतर समाधान करने के निर्देश दिए।

मंडी परिषद बनाएगा संसोधित डीपीआर
इसके साथ ही उन्होंने कार्यदाई संस्था मंडी परिषद के अधिकारियों को छात्रावास निर्माण की संशोधित डीपीआर शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। मंत्री जोशी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्रावास के साथ एक आधुनिक ट्रेनिंग सेंटर के निर्माण के लिए भी कार्य योजना तैयार की जाए।

मुख्यमंत्री जल्द करेंगे निर्माण कार्य का शिलान्यास
उन्होंने कहा, छात्रावास निर्माण के लिए भूमि का चिन्हाकन किया जा चुका है। उन्होंने राजस्व और वन विभाग के अधिकारियों को भूमि संबंधी औपचारिकताओं का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी छात्रावास निर्माण कार्य का शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर मंडी परिषद अध्यक्ष अनिल डब्बू, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एडीएम विवेक राय, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी रि.कर्नल रमेश, डीएफओ ओपी तिवारी आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top