– नदी के पत्थरों पर गिरने से सिर, घुटनों और पेट पर आई गंभीर चोट
Young woman jumps from Gaula bridge, DDC : एक युवती ने मंगलवार को गौलापुल से नदी में छलांग लगा दी। इससे पहले एक युवक उसका पीछा कर रहा था और उसे रोकने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उसके पहुंचने से पहली ही युवती पुल से कूद गई। नदी के पत्थरों पर गिरने की वजह से उसके सिर, पेट और घुटनों पर गंभीर चोट आई है। पुलिस ने युवती को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
बनभूलपुरा कोतवाल डीएस फर्त्याल के मुताबिक, गजीपुर गौलापार थाना चोरगलिया निवासी भावना पडलिया (21 वर्ष) पुत्री पितांबर भट्ट, गौलापार स्थित एसके मार्केट कुंवरपुर गौलापार में नौकरी करती थी। प्रत्यक्षदर्शी देवला तल्ला पजाया थाना काठगोदाम निवासी सोनू सिंह धामी पुत्र त्रिलोक सिंह धामी ने पुलिस को बताया कि वह भी एसके मार्केट स्थित पारस स्पोर्ट्स में नौकरी करता है।
मंगलवार को अचानक ही भावना अपनी स्कूटी लेकर निकल गई। शक होने पर वह भी भावना के पीछे अपनी स्कूटी लेकर निकला। गौलापुल पर पहुंचने पर भावना ने अपनी स्कूटी खड़ी। सोनू चीखता और रुक जाने की आवाज लगाता उसके पीछे दौड़ा, लेकिन तब तक उसने पुल से छलांग लगा दी।
सूचना मिलते ही बनभूलपुरा पुलिस मौके पर पहुंची। युवती को नदी से निकाला और निजी वाहन से नैनताल रोड स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां युवती का उपचार चल रहा है। सोनू ने पुलिस को बताया कि भावना अक्सर बीमार रहती है और उसका घरेलू व चिकित्सकीय इलाज चल रहा है।
वह अक्सर अचानक तबियत खराब होने पर कभी पानी की टंकी पर चढ़ जाती है, कभी पानी के नाले में कूद जाती है। भावना के परिजनों से भी पूछताछ पर भावना के बीमार होने और पूर्व में भी इस प्रकार की हरकत किया जाना बताया है।

