– टीपीनगर चौकी क्षेत्र में आंगन में लगी पानी की मोटर चलाने गई थी महिला
Death due to snake bite, DDC : उत्तराखंड में नैनीताल जिले के हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में पानी भरने के लिए आंगन में मोटर चलाने गई महिला को सांप ने डस लिया। परिजन आनन-फानन में उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
ग्राम घुडदौड़ा देवलचौड़ निवासी 65 वर्षीय मुन्नी देवी पत्नी चंदन सिंह बिष्ट रविवार की शाम पांच बजे घर के आंगन में पानी की मोटर चलाने के लिए गई थी। इसी बीच उनके पैर में सांप ने डस लिया। महिला के पैर से खून आने पर परिजन उन्हें आनन-फानन में डॉ.सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय लेकर पहुंचे।
उपचार के दौरान उनकी अस्पताल में मौत हो गई। मृतका के बेटे हेमंत बिष्ट ने बताया कि मामले की सूचना वन विभाग को दी है। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मुआवजा राशि देने की कार्रवाई की जाएगी।


