भीमताल : बेटे ने फौजी बाप को उतारा मौत के घाट

– शराब पीने के बाद दोनों के बीच हुआ था रुपयों को लेकर विवाद

Son killed his father, DDC : नैनीताल जिले के भीमताल से बड़ी घटना सामने आई है। यहां पिता-पुत्र के बीच रुपयों के विवाद में खूनी संघर्ष हो गया। बेटे ने लाठी से पीट-पीटकर पिता को मौत के घाट उतार दिया। कत्ल की वारदात को अंजाम देने के फरार बेटा पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उस लाठी को भी बरामद कर लिया गया है जिससे हत्या की गई।

पुलिस के अनुसार, राजकुमार सदाशंकर (68 वर्ष) भीमताल रोड स्थित कैलाश व्यू कॉलोनी में रहते थे। वह सेना से रिटायर थे और वर्ष 2011 से यहां अपने पुत्र सचिन सदाशंकर (30 वर्ष) के साथ रहते थे। शनिवार को पड़ोसियों ने सूचना दी कि पिता-पुत्र में विवाद हो गया है।

पुलिस की गिरफ्त में पिता का हत्यारोपी बेटा।
पुलिस की गिरफ्त में पिता का हत्यारोपी बेटा।

पड़ोसियों की सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो पूर्व फौजी राजकुमार का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ था। पुलिस ने हत्यारोपी पुत्र सचिन की तलाश शुरू की और घटना स्थल के पास से ही गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि शनिवार को पिता व पुत्र दोनों ही नशे में धुत थे। दोनों में रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था।

सचिन ने पिता से रुपये मांगे, लेकिन राजकुमार रुपये नहीं दिए। इस पर सचिन ने लाठी पिता के सिर पर मार दी और मौके से फरार हो गया। बाद में पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हुई लाठी भी बरामद कर ली है।

पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य इकट्ठा किए। एसपी सिटी क्राइम जगदीश चंद्र, सीओ प्रभारी दीपशिखा अग्रवाल व प्रभारी थाना भवाली प्रकाश मेहरा भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आरोपी व मृतक के रिश्तेदारों तथा आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली।

एसपी क्राइम जगदीश चंद्र ने बताया कि पिता-पुत्र दोनों ने शराब पी थी, इसके बाद दोनों में झगड़ा हुआ। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया है, आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।

उन्होंने बताया कि पड़ोसियों से पूछताछ में पता चला कि सचिन आए दिन रुपयों को लेकर पिता से झगड़ता था, जिसकी शिकायत भवाली कोतवाली में की गई थी। कुछ वर्ष पूर्व भी आरोपी ने पिता पर चाकू से भी वार किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top