– घर से ड्यूटी के लिए निकले सुपरवाइजर को लिया चपेट में, पैर से पेट को कुचलते निकली लखनऊ नंबर की थार
Thar crushed in front of TP Nagar outpost, DDC : नैनीताल जिले के हल्द्वानी में घर से ड्यूटी के लिए निकले एक सुपरवाइजर हादसे का शिकार हो गए। टीपीनगर पुलिस चौकी के सामने ही तेज रफ्तार थार ने उन्हें कुचल डाला। टक्कर मारने के बाद थार सुपरवाइजर के पैर पर चढ़ी और पेट को कुचलते हुए आगे निकल गई। चपेट में आए सुपरवाइजर की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। थार लखनऊ नंबर की है और उसमें तीन से चार युवक सवार थे। थार में शराब की बोतलें और वाहन सवारों के नशे में होने का भी दावा किया जा रहा है। पुलिस ने थार को कब्जे में और थार सवारों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
सत्यलोक कालोनी डहरिया निवासी जीवन पंत (55 वर्ष) पुत्र बद्रीदत्त यहां अपनी पत्नी, एक बेटी और एक नाबालिग बेटे के साथ रहते थे। जीवन, किच्छा के शिमला पिस्तौर स्थित किंग फिशर कंपनी में बतौर सुपरवाइजर काम करते थे। परिजनों के मुताबिक, रोज की तरह शनिवार की सुबह भी वह घर से ड्यूटी के लिए निकले थे।
घर से पैदल निकले जीवन टीपीनगर चौराहे से कंपनी के लिए गाड़ी पकड़ते थे। शनिवार को वह पैदल-पैदल टीपीनगर की तरह बढ़ रहे थे कि तभी रुद्रपुर से हल्द्वानी की ओर जा रहे थार सवार ने वाहन को अचानक बायीं ओर गई डहरिया रोड पर मोड़ दिया। रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक थार पर काबू ही नहीं कर सका। बेहद तेज गति से एक दुकान से टकराते हुए उसने सामने से आ रहे जीवन को अपनी चपेट में ले लिया।
जीवन ने थार से बचने की कोशिश की, लेकिन वह थार की रफ्तार से पार नहीं पा सके। थार की टक्कर से जमीन पर गिरे जीवन को कुचलती थार आगे निकल गई। थार का अगली पहिया उनके पैर से होते हुए पेट को कुचल गया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। आनन-फानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने थार और उसमें सवार लोगों को हिरासत में ले लिया। हालांकि थार सवारों के बारे में पुलिस बोलने से बच रही है।
वहीं मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि थार में तीन से चार युवक थे। सभी नशे में लग रहे थे और पुलिस ने उनकी गाड़ी से शराब की दो बोतलें भी बरामद की है। टीपीनगर चौकी प्रभारी मनोज कुमार का कहना है कि यूपी 32 क्यूआई 8316 नंबर की थार को कब्जे में और सवारों को हिरासत में ले लिया गया। थार सवारों से पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलते ही मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ लाइव एक्सीडेंट
टीपीनगर चौराहे पर जिस जगह यह हादसा हुआ, वहां कई सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इन्हीं में से एक सीसीटीवी कैमरे में ये पूरी वारदात कैद हो गई। जिसमें दिख रहा है कि रुद्रपुर से हल्द्वानी की ओर जाती थार अचानक टीपीनगर चौराहे पर रुकती और फिर चालक थार को तेजी से डहरिया की ओर मोड़ देता है। तेजी इतनी थी कि थार पहले दुकान और फिर जीवन को अपनी चपेट में ले लेती है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज कुछ ही मिनटों में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।


