विकास ढाका ने मांगी रिहाई, जमानत पर आज सुनवाई

ईवीसीएल टी 20 क्रिकेट लीग का आयोजक विकास ढाका।

. ईवीसीएल लीग फ्रॉड में पुलिस की पैरवी पर निर्भर होगी जमानत . अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में लगाई है जमानत अर्जी

EVCL T20 Cricket League, DDC : ईवीसीएल लीग फ्रॉड का आयोजक विकास ढाका सलाखों के पीछे है और अब वह रिहाई के इंतजाम में लगा है। उसने अपने वकील के जरिये कोर्ट में जमानत अर्जी लगाई है। 9 फरवरी को अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जमानत अर्जी पर सुनवाई करेंगे। अब यह पुलिस पर निर्भर करता है कि कोर्ट में उनकी आख्या ढाका को जेल से रिहाई दिलाती है या फिर उसे सलाखों के पीछे ही दिन गुजारने होंगे।

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को सेक्टर ए नोएडा उत्तर प्रदेश निवासी विकास ढाका पुत्र यशवीर सिंह ढाका ने ईवीसीएल टी-20 लीग के लिए चुना था। जालसाजी के लिए उसने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर हरभजन सिंह और इरफान पठान सरीखे चेहरों को अपना पोस्टर ब्वॉय बनाया।

टी-20 लीग पहले ही दिन से संदिग्ध थी। 3 फरवरी से शुरू होने वाली लीग से ठीक पहले 2 फरवरी को अचानक विकास ने अपने सबसे बड़े फाइनेंस प्रमोद सिंह की मौत की कहानी गढ़ी तो जालसाजी की तस्वीर साफ हो गई, लेकिन तब तक वह लाखों रुपए अंदर कर चुका था। उसके भागने से पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

विकास के खिलाफ पूर्व विधायक नारायण पाल और यूपी वॉरियर्स की टीम खरीदने वाले हेमंत शर्मा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया। पिछले तीन दिनों से वह जेल में बंद है। उसने अपने अधिवक्ता के जरिये गिरफ्तारी ठीक बाद कोर्ट में जमानत अर्जी लगाई। मामले में कोर्ट ने पुलिस से दो दिनों के भीतर आख्या मांगी। अब इस पर 9 फरवरी को अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की कोर्ट में सुनवाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top