– हल्द्वानी और मुखानी में लाखों की चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, 25 लाख से ज्यादा के सोने-चांदी के जेवर और बर्तन बरामद
Snake Charmers Were Committing Thefts in Haldwani, DDC : नैनीताल जिले में सांप पकड़ने और सपेरा बनकर घूमने वाले तीन युवकों का असली चेहरा तब सामने आया, जब पुलिस ने उन्हें लाखों की चोरी के माल के साथ दबोच लिया। हरिद्वार से नैनीताल घूमने आए इन शातिरों ने हल्द्वानी और मुखानी क्षेत्र में बंद घरों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 25 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और बर्तन बरामद किए हैं। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम को ढाई हजार रुपए नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया है।
पुलिस के मुताबिक पहली घटना कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र की है। हरिपुर मोतिया निवासी मनोज कुमार जोशी ने 5 मई को तहरीर देकर बताया था कि वह परिवार सहित कोटाबाग गए थे। इसी दौरान 1 मई की रात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
दूसरी घटना थाना मुखानी क्षेत्र की है। पूरनपुर कृष्णापुर निवासी लक्ष्मण सिंह ने शिकायत दी कि 30 अप्रैल को चोर घर का लॉक तोड़कर नकदी, घड़ी, हेलमेट और पायल चोरी कर ले गए। दोनों मामलों में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसपी सिटी मनोज कत्याल और सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी की निगरानी में कोतवाली हल्द्वानी और मुखानी पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो संदिग्ध युवक हरिद्वार नंबर की बाइक पर घूमते दिखे।
जांच के दौरान पुलिस को अहम जानकारी मिली और शनिवार को बेल बाबा मंदिर के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में प्रदीपनाथ उर्फ मंदीप, रोहितास उर्फ पोपे उर्फ बासु और गुरविंदर शामिल हैं। तीनों हरिद्वार के सपेरा बस्ती क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के हार, मंगलसूत्र, चोकर, अंगूठियां, पायल, बिछुए, कमरबंद समेत बड़ी मात्रा में आभूषण और धातु के बर्तन बरामद किए हैं। बरामद माल की कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपी गुरविंदर के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
होटल में रुककर करते थे रेकी, फिर वारदात
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सपेरे का काम करते हैं और घूमने के बहाने नैनीताल आए थे। वापसी में हल्द्वानी के टीपी नगर क्षेत्र के एक होटल में रुके और रात के समय बंद मकानों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। पुलिस टीम में एसएसआई रोहिताश सागर, टीपीनगर चौकी प्रभारी मनोज कुमार, एसआई विरेन्द्र चन्द्र, राजेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल इसरार नवी, कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी, अनिल टम्टा, प्रयाग जोशी, बलवन्त बिष्ट, रविन्द्र खाती, धीरेन्द्र अधिकारी और अनिल गोस्वामी थे।

