सड़क, गली न मैदान, मस्जिद और ईदगाह में होगी नमाज

हल्द्वानी में मस्जिद और ईदगादों में ही होगी ईद की नमाज।

– सार्वजनिक स्थानों पर नमाज पढ़ने पर प्रतिबंध, कुर्बानी के वीडियो और सेल्फी सोशल मीडिया पर डालने वालों पर होगी कार्रवाई

Namaz Will Be Offered Only in Mosques and Eidgahs, DDC : हल्द्वानी में बकरीद को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट कर दिया है कि इस बार सड़क, गली, मैदान या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर ईद की नमाज अता नहीं की जाएगी। नमाज केवल मस्जिदों, ईदगाहों और निजी परिसरों में ही पढ़ी जाएगी।

एसएसपी ने कहा कि इस संबंध में पीस कमेटी की बैठक में सभी पक्षों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि नगर निगम, नगर पालिका की सड़कें, सार्वजनिक मैदान और अन्य सार्वजनिक स्थल नमाज के लिए उपयोग नहीं किए जाएंगे, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात व्यवस्था प्रभावित न पड़े।

सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर
एसएसपी ने चेतावनी दी कि कुर्बानी के दौरान वीडियो बनाने, सेल्फी लेने या ऐसे दृश्य सोशल मीडिया पर साझा करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम लगातार ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखेगी।

उन्होंने लोगों से अपील की कि कुर्बानी पर्दे में करें और किसी भी प्रकार की भड़काऊ या धार्मिक भावनाएं प्रभावित करने वाली सामग्री इंटरनेट मीडिया पर साझा न करें।

पहले सड़कों पर पढ़ी जाती रही है नमाज
बताया जा रहा है कि हल्द्वानी के कई इलाकों, खासकर प्रमुख बाजारों, रेलवे स्टेशन के आसपास और बनभूलपुरा क्षेत्र में पूर्व में सड़कों पर ईद की नमाज अता की जाती रही है। हालांकि इस बार प्रशासन ने इसे पूरी तरह प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी पहले ही सार्वजनिक स्थानों पर नमाज नहीं होने को लेकर स्पष्ट निर्देश दे चुके हैं। उसी क्रम में अब नैनीताल पुलिस प्रशासन ने भी सख्ती दिखानी शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top