– 76वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन की तैयारियों पर बनी रणनीति, दुग्ध उत्पादकों की लाभ राशि 2.52 करोड़ से बढ़ाकर 2.75 करोड़ करने और कर्मचारियों को 17 प्रतिशत बोनस देने का प्रस्ताव
DDC : नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की बोर्ड बैठक में बुधवार को 34 प्रस्तावों पर विस्तार से मंथन हुआ। इनमें कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को पारित किया गया। बैठक में 76वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन की तैयारियों और प्रस्तावों को निबंधक के समक्ष भेजने की रणनीति भी तय की गई। दुग्ध उत्पादकों की लाभ राशि बढ़ाने और कर्मचारियों को 17 प्रतिशत बोनस/एक्स-ग्रेशिया देने के प्रस्ताव पर भी सहमति बनी।
दुग्ध संघ के प्रशासनिक भवन में अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में हुई बैठक की शुरुआत स्व. किशन सिंह बिष्ट के निधन पर शोक व्यक्त कर हुई। अध्यक्ष, संचालक मंडल के सदस्यों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान स्व. किशन सिंह बिष्ट के नाम से नवनिर्मित दुग्ध समिति भवन का निर्माण कराने पर भी सहमति बनी।
बैठक में आगामी 76वें वार्षिक सामान्य निकाय अधिवेशन के आयोजन और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई। इसके अलावा दुग्ध संघ के संचालन, कार्यप्रणाली और आगामी कार्ययोजनाओं से जुड़े प्रस्तावों पर बोर्ड सदस्यों ने विचार-विमर्श किया। कई प्रस्तावों को मंजूरी देने के साथ उन्हें आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित स्तर पर भेजने पर सहमति बनी।
दुग्ध उत्पादकों की लाभ राशि बढ़ाने का प्रस्ताव
बैठक में पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में दुग्ध लाभ राशि को 2.52 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 2.75 करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव रखा गया। यह राशि संस्था से जुड़े दुग्ध उत्पादकों को दीपावली से पहले भुगतान किए जाने के संबंध में निबंधक को भेजे जाने पर सहमति बनी। कर्मचारीगण को 17 प्रतिशत बोनस/एक्स-ग्रेशिया देने का प्रस्ताव भी निबंधक को भेजने पर सहमति बनी। कामगारों समेत दुग्ध संघ के करीब 440 श्रमिकों को प्रोत्साहन राशि देने के लिए वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की गई।
बकायेदार परिवहनकर्ताओं पर होगी कार्रवाई
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने विपणन और परिवहनकर्ताओं पर बकाया राशि की वसूली में सख्ती के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर बकाया जमा नहीं करने वाले संबंधित परिवहनकर्ताओं को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी। बकाया धनराशि की वसूली में लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।
बैठक में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, कृष्ण कुमार, आनंद सिंह नेगी, पुष्पा देवी, खष्टी देवी, दीपा देवी, हेमा देवी, दीपा देवी रैक्वाल, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा समेत दुग्ध संघ के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

