– एक साल पहले ब्याह कर लाए कोहिनूर की मौत को आत्महत्या का रंग देने वाले ससुरालियों की करतूत पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली
DDC : दहेज की मांग, घर के भीतर विवाद और फिर हत्या के बाद उसे आत्महत्या दिखाने की कथित साजिश। रामनगर के खताड़ी स्थित ऊंटपड़ाव में 20 वर्षीय कोहिनूर की मौत के मामले में पुलिस ने ऐसा ही घटनाक्रम सामने आने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, नवविवाहिता की हत्या करने के बाद आरोपियों ने शव को फंदे से लटकाकर मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। इस मामले में कोहिनूर में पति उवेश पुत्र फजले अली, उम्र 22 वर्ष, निवासी गैस गोदाम, ऊटपड़ाव, खताड़ी, रामनगर। सास नसरीन पत्नी फजले अली, उम्र 50 वर्ष, निवासी उपरोक्त। जेठ अनस पुत्र फजले अली उम्र 23 वर्ष, निवासी गैस गोदाम, ऊटपड़ाव, खताड़ी, रामनगर और ननद शबा पुत्री फजले अली, उम्र 20 वर्ष, निवासी उपरोक्त को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस बहुउद्देशीय भवन में एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने बुधवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि कोहिनूर की शादी 16 मई 2026 को गैस गोदाम रोड, रामनगर निवासी उवेश से हुई थी। उसके पिता नसीम अहमद उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के डिलारी क्षेत्र के बुढनपुर गांव के निवासी हैं। पिता की शिकायत के मुताबिक, शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग बुलट बाइक और पांच लाख रुपये की मांग कर रहे थे। आरोप है कि मांग पूरी नहीं होने पर कोहिनूर को प्रताड़ित किया जाता था।
पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर को घर में हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पूछताछ में सामने आए घटनाक्रम के मुताबिक, कोहिनूर ने पति को उसके भाई की शर्ट पहनाने पर आपत्ति जताई थी। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गई। आरोप है कि उसे कमरे में बंद कर करीब पांच घंटे तक भूखा रखा गया। बाद में परिवार के अन्य सदस्य भी वहां पहुंचे और फिर उसके साथ मारपीट की गई।
एसएसपी के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर कोहिनूर को काबू में कर उसकी दोनों कॉलर बोन तोड़ दीं। ये काम उसके पति ने अपने घुटनों से किया। सास ने कोहिनूर के मुंह में कपड़ा ठूंसा और गला घोंट कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस का दावा है कि हत्या के बाद शव को फंदे पर लटकाकर आत्महत्या का दृश्य बनाने का प्रयास किया गया।
इस मामले में कोहिनूर के पिता ने 18 अक्टूबर को पुलिस को तहरीर देकर ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न और हत्या के आरोप लगाए थे। पुलिस ने मामले में पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने बताया कि मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 2,500 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया है। उन्होंने कहा कि अदालत में मामले की मजबूत पैरवी की जाएगी, ताकि दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाई जा सके।
फंदे की कहानी पर डॉक्टर को हुआ संदेह
मामले में अहम मोड़ तब आया, जब कोहिनूर को अस्पताल ले जाने के बाद चिकित्सक को उसके गले पर फंदे का अपेक्षित निशान नहीं मिला। इस पर पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के मुताबिक, जिस जगह पर फंदे से लटकने की बात बताई गई थी, वहां बेड और पंखे के बीच उपलब्ध जगह और ऊंचाई कथित कहानी से मेल नहीं खा रही थी। संदेह गहराने पर पुलिस ने आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की, जिसके बाद हत्या की खौफनाक कहानी का खुलासा हुआ और इस पर कोहिनूर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने मुहर लगा दी।


