Breaking News

कोचिंग के लिए निकली 10वीं की छात्रा का अपहरण, सुहेल पर एफआईआर

– आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर दिया वारदात को अंजाम, छात्रा के पिता ने पकड़कर पुलिस को सौंपा

Class 10 student kidnapped, DDC : उत्तराखंड में शोहदों के हौसले बुलंद हैं। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में शनिवार को घर से कोचिंग के लिए निकली 10वीं की एक छात्रा का स्कूटी सवार शोहदे ने अपने साथी की मदद से अपहरण कर लिया। छात्रा के घरवालों को पता लग जाने से वह अपनी नीयत में कामयाब नहीं हो पाया। पीछा करने पर आरोपी, छात्रा को बीच रास्ते में छोड़कर फरार हो गया। छात्रा के परिजनों ने शोहदे के साथ कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंपी। पुलिस ने अपहरण सहित कई गंभीर धाराओं में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले छात्रा के पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी शहर के प्रतिष्ठित स्कूल में 10वीं की छात्रा है। वह रोजाना दोपहर आवास विकास में ट्यूशन पढ़ने जाती है। बीती 30 अगस्त को भी वह घर से ट्यूशन के लिए निकली थी कि तभी रास्ते में स्कूटी सवार सोहेल नाम के युवक ने उसे रोक लिया।

छात्रा कुछ समझ पाती इससे पहले सोहेल ने अपने एक साथी की मदद से छात्रा को खींच कर स्कूटी में बैठा लिया और उसका अपहरण कर लिया। इस घटना की भनक तुरंत ही परिजनों को लग गई। परिजन घटना स्थल पर पहुंचे और आरोपी का पीछा शुरू कर दिया। छात्रा के पिता को पीछे देख आरोपी, छात्रा को आवास विकास में छोड़ कर भाग खड़ा हुआ, लेकिन छात्रा के पिता ने उसका पीछा नहीं छोड़ा और उसे होटल के-11 के पास से धर दबोचा।

जिसके बाद वह आरोपी को भोटियापड़ाव पुलिस चौकी लेकर पहुंचे और आरोपी को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। जिसके बाद उन्होंने आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपहरण, जान से मारने की धमकी देना और छेड़छाड़ की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

जबरन पहनाना चाहता था ताबीज, कई दिनों से लगा था पीछे
छात्रा, आरोपी सुहेल से तंग आ चुकी थी। छात्रा ने अपने पिता से भी सुहेल की शिकायत की थी। बताया थाकि सुहेल उसको ट्यूशन आते-जाते समय गलत निगाहों से बार-बार घूरता है, बात करने और जबरन हाथ पकड़ने का प्रयास करता है। सुहेल ने कुछ दिन पहले छात्रा को जबरदस्ती एक ताबीज दिया और कहा कि इसको पहन ले वरना तुझे व तेरे घर वालों को जान से मार दूंगा। उसने कहा, इसके बारे में किसी को बताया तो तुझे व तेरे परिवार वालों को जान से मार दूंगा। छात्रा जब घर में डरी-सहमी सी रहने लगी तो पिता ने उससे कारण पूछा और उसने सुहेल की हरकतों के बारे में उन्हें बता दिया।

घर जाकर समझाया, लेकिन बाज नहीं सुहेल
छात्रा ने जब अपने पिता को सारी हकीकत बयां की तो उन्होंने एक बार सुहेल को समझाने का मन बनाया। वह सुहेल के घर पहुंचे और बड़े प्यार से उसे उसके घरवालों के सामने समझाया, लेकिन इसके बाद से उसके हौसले और बुलंद हो गए। एक-दो दिन तक ठीक रहा, लेकिन कुछ दिन बाद फिर से उसने छात्रा का पीछा शुरू कर दिया। छात्रा ने अपने पिता को भी बताया कि सुहेल फिर से उसे परेशान कर रहा है। पिता कोई कदम उठाते इससे पहले ही उसने शनिवार को छात्रा को अगवा कर लिया। हालांकि घरवालों की तत्परता से वह अपनी नीयत में कामयाब नहीं हो सका। पिता का कहना है कि घटना के बाद से उनकी बेटी बेहद डरी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top