. अधिवक्ता कमल जोशी ने हल्द्वानी कोतवाली में दी शिकायत, कांग्रेस मुख्यालय में राष्ट्रगीत बीच में रुकवाने का लगाया आरोप
DDC : कांग्रेस के शीर्ष नेताओं पर राष्ट्रगीत के अपमान का आरोप लगाते हुए एक अधिवक्ता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड 60 निवासी अधिवक्ता कमल जोशी ने सोमवार को हल्द्वानी कोतवाली में तहरीर देकर मामले की शिकायत की। पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में अधिवक्ता कमल जोशी ने आरोप लगाया कि 15 अगस्त को 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में राष्ट्रगीत का गायन कराया जा रहा था। इसी दौरान कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने राष्ट्रगीत को बीच में ही रोकने के आदेश दिए, जिसके बाद गायन बंद कर दिया गया। कमल ने सीधे तौर पर सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर आरोप लगाए हैं।
अधिवक्ता का आरोप है कि राष्ट्रगीत को बीच में रोकने की इस घटना से राष्ट्रप्रेमियों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

