Don के बेटे को जान की धमकी, हल्द्वानी पुलिस ने FIR नही लिखी

– डॉन छोटा राजन के करीबी डॉन दीपक सिसोदिया के बेटे को मिली गोली मार देने की धमकी, 60 लाख का है मामला

Don Deepak Sisodia’s son threatened, DDC : देश के चर्चित जेडे हत्याकांड के सजायाफ्ता डॉन दीपक सिसौदिया के बेटे अजय को जान से मारने की धमकी मिली है। उसने अपनी पोकलैंड मशीन किराए पर दी थी और जब देनदारी मांगी तो गोली मार देने की धमकी मिली। पीड़ित ने इस मामले में हल्द्वानी पुलिस से शिकायत की, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। अब कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जीतपुर नेगी, रामपुर रोड निवासी अजय सिसोदिया पुत्र दीपक सिसोदिया ने अपर मुख्य न्यायाकि मजिस्ट्रेट, हल्द्वानी को दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि उन्होंने कुछ वर्ष पूर्व अपनी पोकलैंड मशीन ताड़ीखेत अल्मोड़ा निवासी विजय प्रकाश पांडे को किराये पर दी थी। मशीन के किराये का लगभग 60 लाख रुपये अभी तक प्रकाश ने अदा नहीं किया। जब रकम की मांग की गई तो विवाद और बढ़ गया।

अजय के मुताबिक, 1 मई 2025 को उनके प्रतिनिधि अमन पाल ने प्रकाश से फोन पर किराये की की मांग की। इस पर विजय प्रकाश पांडे भड़क उठा और अमन पाल को गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। यही नहीं, उसी रात करीब साढ़े 9 बजे प्रकाश ने अपने मोबाइल से सीधे अजय सिसोदिया को फोन कर उन्हें भी गालियां दीं और धमकी दी, “मैं तेरे सीने में गोली मार दूंगा।” यह पूरी बातचीत अजय ने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली।

अजय ने बीती 2 मई को कोतवाली हल्द्वानी में लिखित तहरीर दी, जिसकी रिसिविंग भी उन्हें दी गई, लेकिन जब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो उन्होंने 6 मई को एसएसपी कैंप कार्यालय में शिकायत की। इसके बावजूद पुलिस ने कोई कदम नहीं उठाया गया। पीड़ित का कहना है कि कार्रवाई न होने पर उन्होंने कोर्ट से शिकायत की। कोतवाल अमर चंद्र शर्मा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

छोटा राजन का करीबी है दीपक सिसोदिया
दीपक जून 2011 में मुंबई में अंग्रेजी सांध्य दैनिक अखबार मिड डे के वरिष्ठ पत्रकार जेडे की हत्या में शामिल होने का दोषी था। उसने अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन गैंग के शूटरों के साथ मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया था। दीपक ने हत्या के लिए हथियार मुहैया कराए थे। जनवरी 2022 को पैरोल लेकर अमरावती जेल सेंट्रल जेल, महाराष्ट्र से हल्द्वानी आया और फरार हो गया। जिसके बाद उत्तराखंड एसटीएफ ने सितंबर 2023 में उसकी गिरफ्तारी की थी। दीपक के बेटे अजय पर भी शराब तस्करी के मामले हैं। पिछले साल लालकुआं पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top