Breaking News

हल्द्वानी आ रहे हैं सीएम धामी, वीआईपी रूट पर शहरवासियों की नो-एंट्री

4 फरवरी 2026 को सीएम पुष्कर सिंह धामी के दौरे को लेकर रूट डायवर्जन।

– दोपहर 12 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक डायवर्ट रहेंगे रास्ते, भारी वाहनों, बसों और छोटे वाहनों के लिए अलग-अलग रूट तय

CM Pushkar Singh Dhami in Haldwani, DDC : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 4 फरवरी को हल्द्वानी पहुंच रहे हैं। सीएम के दौरे को देखते हुए पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। जिसके तहत अधिकांश वाहनों को शहर के बाहर से गुजारा जाएगा। इसके साथ जिस रूट से सीएम का काफिला गुजरेगा, उस रूट पर किसी के भी चलने पर पाबंदी होगी। पुलिस के मुताबिक, डायवर्जन दोपहर 12 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक लागू रहेगा। वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की है और ट्रैफिक को सुचारु बनाए रखने के लिए अलग-अलग श्रेणियों के वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं।

भारी मालवाहक वाहनों के लिए डायवर्जन
रुद्रपुर/रामपुर रोड से टीपी नगर क्षेत्र की ओर आने वाले सभी भारी मालवाहक वाहन गन्ना सेंटर तिराहा से बरेली रोड होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे। वहीं टीपी नगर क्षेत्र से रुद्रपुर/रामपुर रोड की ओर जाने वाले भारी वाहन सतवाल पेट्रोल पंप से मुक्त विश्वविद्यालय होते हुए तीनपानी मार्ग से गुजरेंगे।

रोडवेज बसों के लिए विशेष मार्ग
रुद्रपुर/रामपुर रोड से रोडवेज स्टेशन हल्द्वानी आने वाली सभी रोडवेज बसें गन्ना सेंटर तिराहा से बरेली रोड, तीनपानी होते हुए मंडी मार्ग से रोडवेज स्टेशन पहुंचेंगी।

सिडकुल एवं प्राइवेट बसों के लिए व्यवस्था
रुद्रपुर/रामपुर रोड से आने वाली वे सिडकुल/प्राइवेट बसें जो काठगोदाम क्षेत्र की ओर जाएंगी, वे गन्ना सेंटर तिराहा से बरेली रोड, तीनपानी फ्लाईओवर, गौलापार रोड होते हुए नारिमन तिराहा से अपने गंतव्य को जाएंगी।
वहीं मुखानी/लालढांठ क्षेत्र जाने वाली सिडकुल/प्राइवेट बसें पंचायतघर तिराहा से आरटीओ रोड होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगी।

छोटे वाहनों के लिए वैकल्पिक रूट
रामपुर रोड से मुखानी/लालढांठ जाने वाले छोटे वाहन पंचायतघर तिराहा से आरटीओ रोड होते हुए मुखानी/लालढांठ तिराहा जाएंगे।
रामपुर रोड से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले छोटे वाहन शीतल होटल तिराहा से तीनपानी फ्लाईओवर, गौलापार रोड होते हुए आगे जाएंगे। वहीं जो छोटे वाहन हल्द्वानी शहर की ओर आएंगे, वे तीनपानी से मंडी मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।

पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले एवं मैदानी क्षेत्र की ओर जाने वाले वाहन नारिमन तिराहा काठगोदाम से गौलापार रोड होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे। अन्य वाहन कालटेक्स तिराहा से पंचक्की तिराहा होते हुए चंबल पुल मार्ग का उपयोग करेंगे।

वीआईपी रूट रहेगा जीरो ज़ोन
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान वीआईपी रूट पर जीरो ज़ोन लागू रहेगा। वीआईपी रूट पर पड़ने वाले सभी कटों से किसी भी प्रकार के वाहन को मुख्य मार्ग में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

एसपी यातायात डॉ.जगदीश चंद्रा ने आम जनता से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top