. फैसले से एक दिन पहले पुलिस ने बनभूलपुरा में निकाला फ्लैग मार्च, भीड़ के बीच खुफिया सक्रिय
Decision on railway land encroachment on December 2, DDC : रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में आज (मंगलवार) को फैसला संभावित है। फैसले से पहले पुलिस ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पूर्व में हुई हिंसा को देखते हुए पुलिस ने बनभूलपुरा को जीरो जोन घोषित कर दिया है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस के साथ अर्द्ध सैनिक बलों की तैनाती और आसमान से आधा दर्जन ड्रोन नजर रखेंगे। इसके अलावा हाईटेक पुलिस कंट्रोल रूम से पूरे शहर पर नजर रखी जा रही है। सुप्रीम फैसले से ठीक एक दिन पहले पुलिस ने असलहों और बॉडी प्रोटेक्टर के साथ पूरे बनभूलपुरा में फ्लैग मार्च निकाला। साथ ही लोगों से कोर्ट के फैसले का सम्मान करने की अपील की। कहा यह भी कि अगर किसी ने माहौल खराब करने की कोशिश की तो बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस के मुताबिक, सुरक्षा के लिहाज से निगरानी के लिए कुल छह ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा। इसमें दो ड्रोन लगातार बनभूलपुरा के आसमान से निगरानी करेंगे। इसके अलावा बनभूलपुरा में लगे दर्जनों सीसीटीवी निगरानी कर रहे हैं। मंगलवार को पूरे बनभूलपुरा को छावनी में तब्दील कर दिया जाएगा। इधर, सोमवार को हल्द्वानी रेलवे स्टेशन की पार्किंग में एसपी क्राइम डॉ.जगदीश चंद्रा ने पुलिस और पीएसी को ब्रीफ किया। जिसके बाद पुलिस ने बनभूलपुरा में फ्लैग मार्च किया।
हल्द्वानी रेलवे स्टेशन से शुरू हुआ फ्लैग मार्च गफूर बस्ती, लाइन नंबर 17, इन्द्रानगर बड़ी रोड, इन्द्रानगर छोटी रोड, लाइन नंबर 16, बिलाली मस्जिद, लाइन नंबर 8 से चोरगलिया रोड से होते हुए बनभूलपुरा थाना तक मार्च किया। एसएसपी डॉ.मंजूनाथ टीसी ने बताया कि अत्याधुनिक असलहों, हेलमेट, डंडे और बॉडी प्रोटेक्टर से लैस होकर फ्लैग मार्च के जरिये शांति और सुरक्षा का पैगाम देने के लिए फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च के दौरान एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, सीओ सिटी अमित कुमार, सीओ रामनगर सुमित पांडे, प्रभारी थानाध्यक्ष बनभूलपुरा सुशील जोशी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। एसएसपी ने अपील कि है कि सर्वोच्च न्यायालय का जो भी फैसला आता है उसे स्वीकार करें। अग्रिम कार्यवाही में शासन-प्रशासन का सहयोग करें। शांति व्यवस्था बनाए रखें, अफवाह न फैलाएं, किसी भी तरह की गलत बयानबाजी और कानून व्यवस्था की स्थिति को बिगाड़ने का प्रयास न करें।
एसएसपी ने आईटीबीपी और सीआरपीएफ अधिकारियों संग बनाई रणनीति
DDC : इधर बनभूलपुरा में पुलिस और पीएसी फ्लैग मार्च कर रही थी और उधर एसएसपी डॉ.मंजूनाथ टीसी आईटीबीपी और सीआरपीएफ के अधिकारियों संग मंगलवार के लिए रणनीति तैयार कर रहे थे। एसएसपी ने दोनों बलों के अधिकारियों संग अलग-अलग बैठक की। एसएसपी ने आईटीबीपी के डिप्टी कमांडेंट संजीत कुमार डिप्टी कमांडेंट आईटीबीपी, सीआरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट जोगेश कुमार और आईटीबीपी के सहायक कमांडेंट मनमोहन सिंह के साथ लंबी चर्चा की। उन्होंने आईटीबीपी और सीआरपीएफ को तैयारी की हालत में रखने के निर्देश दिए।
साथ ही कहा, सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय आने के बाद कानून व्यवस्था बनाए रखना हमारी प्राथमिकता है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। न्यायालय के फैसले के बाद आवश्यकतानुसार क्षेत्र को छावनी में तब्दील किया जाएगा। अत्याधुनिक असलहों के साथ पैरामिलिट्री फोर्स और रेलवे पुलिस फोर्स को भी ड्यूटी पर लगाया जाएगा। सरकारी कार्य में बाधां पहुंचाने और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
हिंसा में तोड़े गए सीसीटीवी निगरानी के लिए तैयार
DDC : कंपनी बाग में अवैध अतिक्रमण ढहाने के दौरान बनभूलपुरा में जमकर हिंसा हुई थी। हिंसा करने वालों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए बनभूलपुरा में जगह-जगह लगे सीसीटीवी कैमरे या तोड़ दिए थे या उनका रुख मोड़ दिया था। दर्जनभर से अधिक क्षतिग्रस्त कैमरों को पुलिस ने दुरुस्त कर लिया है और इनसे निगरानी भी शुरू कर दी गई है। जबकि शहर में लगे लगभग 235 सीसीटीवी कैमरों से पुलिस कंट्रोल रूम से निगरानी की जा रही है।

