मां की दवा लेकर लौट रहे बेटे को बेकाबू ट्रक ने कुचला

– रामपुर रोड पर महिंद्रा शोरूम के सामने हुआ दर्दनाक हादसा, घटना को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक फरार

Truck crushes bike rider, DDC : नैनीताल जिले के हल्द्वानी में बड़ा हादसा हो गया। अस्पताल से बीमार मां की दवा ले कर लौट रहे बाइक सवार बेटे को बेकाबू ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। हेलमेट भी बाइक सवार की जान नहीं बचा सका। तेज रफ्तार ट्रक ने उसे बुरी तरह कुचल डाला। बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

रावतनगर, बिंदुखत्ता, लालकुआं निवासी जगमोहन सूंठा (39 वर्ष) पुत्र देवीदत्त सूंठा यहां परिवार के साथ रहते थे और बैंक के कैश वाहन के चालक थे। बताया जाता है कि जगमोहन की मां काफी समय से बीमार चल रही हैं और डॉ.सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय से उनका उपचार चल रहा है। मंगलवार को जगमोहन बीमार मां के लिए दवा लेने अस्पताल गया था। दोपहर दवा लेकर बाइक से वह वापस लौट रहा था। वह अभी रामपुर रोड स्थित महिंद्रा शोरूम के पास पहुंचे थे कि तभी पीछे से आए बेकाबू ट्रक ने जगमोहन को अपनी चपेट में ले लिया।

बाइक समेत खींचते हुए ले गया ट्रक चालक
टक्कर लगते ही जगमोहन बाइक समेत ट्रक के नीचे आ गए। टक्कर लगने के बावजूद ट्रक चालक ने रफ्तार पर काबू नहीं किया और वह जगमोहन को बाइक समेत काफी दूर तक खींचते हुए ले गया। हादसे में जगमोहन बुरी तरह कुचल गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गए। राहगीर कुछ समझ पाते, इससे पहले ही ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। टीपीनगर चौकी प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि शव को मॉर्चरी भेज दिया गया और फरार चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलते ही मामले में मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

हेलमेट में अटके सिर के चीथड़े, हाईवे खून से लाल
हादसा इतना भीषण था कि देखने वालों की रूह कांप गई। किसी हादसे से खुद को सुरक्षित रखने के लिए जगमोहन ने हेलमेट भी लगाया था, लेकिन वो भी उनकी जान नहीं बचा पाया। सिर के चीथड़े उड़कर नेशनल हाईवे पर बिखर गए। जबकि सिर का कुछ हिस्सा हेलमेट में भी मिला। मृतक के भाई सुरेश चंद ने बताया कि जगमोहन के दो बच्चे हैं। छोटे बेटे का हाल ही में नामकरण हुआ था। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मेडिकल चौकी प्रभारी बीएस मेहता ने बताया कि परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top