– एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को दिए निर्देश, चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी
Ban on entering canals and rivers during Holi, DDC : नैनीताल जिले में होली के दिन पूर्व में हुई घटनाओं को देखते हुए इस बार पुलिस ने कड़े कदम उठाने जा रही है। इसी के तहत नहरों और नदियों में जाने पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी गई है। लोगों को रोकने की जिम्मेदारी थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों की होगी। बावजूद इसके अगर लोग नही मानते तो फिर पुलिस कार्रवाई करेगी। पुलिस ने यह भी साफ कर दिया है कि होली का त्योहार जमकर मनाएं, लेकिन अगर हुड़दंग किया तो ऐसे लोगों के लिए पुलिस ने अपनी हवालात खाली कर दी है।
एसएसपी डॉ.मंजूनाथ टीसी ने बताया कि सड़कों पर हुड़दंग रोकने के लिए शहर के लगभग सभी प्रमुख चौराहों पर पुलिस तैनात रहेगी। वाहनों की रफ्तार पर लगाम लगाने के लिए चौराहों पर बेरीकेडिंग लगाई जाएगी। उन्होंने ट्रिपलिंग करने वालों और शराब पीकर वाहन चलाने वालों को भी चेतावनी दी है। एसएसपी ने नदियों की ओर जाने वालों को रोकने के लिए थानाध्यक्ष काठगोदाम, मुखानी, बनभूलपुरा, चोरगलिया और लालकुआं को निर्देश दिए हैं।
होली के दौरान शहर में पुलिस बल के साथ पीएसी भी लगाई जाएगी। होली के दौरान रमजान भी चल रहे हैं और ऐसे में होली खेलने वाले इस बात का ध्यान रखेंगे कि बिना किसी के मर्जी के उस पर रंग न डालें। यदि इसकी शिकायत मिलती है तो फिर कार्रवाई निश्चित है। उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सीसीटीवी कंट्रोल को भी सतर्क रहने के लिए कहा है।
पार्षदों और जनप्रतिनिधियों से शांति कमेटी बनाने को कहा
होली के दौरान हुड़दंगियों पर नकेल कसने की जिम्मेदारी सिर्फ पुलिस पर नहीं होगी। एसपी क्राइम डॉ.जगदीश चंद्र ने सभी पार्षदों और जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वह अपने क्षेत्रों के गणमान्य लोगों के साथ एक शांति कमेटी गठित करें। अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरुक करें। इसके बाद भी अगर क्षेत्र में विवाद की स्थिति पैदा होती है तो आगे बढ़े कर उसे न सिर्फ निपटाने का प्रयास करें, बल्कि तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें। ताकि विवाद को बढ़ने से पहले ही उसे रोका जा सके।


