– 315 वोटों से किशोर पंत पर बड़ी जीत, देर रात तक चला मतगणना का रोमांच, जीत के बाद अधिवक्ताओं ने निकाला विजय जुलूस
Govind Bisht Elected President of Haldwani Bar Association, DDC : हल्द्वानी बार एसोसिएशन चुनाव में इस बार भी गोविंद सिंह बिष्ट का दबदबा कायम रहा। उन्होंने लगातार तीसरी बार अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज कर हैट्रिक पूरी की। निवर्तमान अध्यक्ष किशोर पंत को उन्होंने 315 मतों के बड़े अंतर से हराया।
शनिवार को सुबह आठ बजे शुरू हुआ मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जिसमें कुल 1324 में से 1082 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके बाद शुरू हुई मतगणना देर रात करीब दो बजे जाकर पूरी हुई, जिसके बाद विजेताओं की घोषणा की गई। नतीजे आते ही जजी परिसर में समर्थकों ने जश्न मनाते हुए जुलूस निकाला।
चुनाव परिणामों में उपाध्यक्ष पद पर ललित मेर ने जीत हासिल की, जबकि महिला उपाध्यक्ष पद पर बसंती बिष्ट विजयी रहीं। सचिव पद पर मोहन सिंह बिष्ट ने बाजी मारते हुए अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ा।
अन्य पदों की बात करें तो संयुक्त सचिव पद पर सुधांशु तिवारी, संयुक्त सचिव (प्रेस) पर वानू कबडाल, कोषाध्यक्ष पद पर गौरव कपूर और लेखाधिकारी पद पर गौरव सिंह बिष्ट ने जीत दर्ज की। पुस्तकालय अध्यक्ष पद पर लोकेश राज चौधरी निर्वाचित हुए।
सामान्य सदस्य पद पर कड़ा मुकाबला देखने को मिला। राहुल भट्ट, मयंक प्रकाश, राकेश कुकरेती और कैलाश भट्ट को विजयी घोषित किया गया। वहीं महिला सदस्य पद पर सुनीता भट्ट ने जीत हासिल की।
री-काउंटिंग में भी नहीं बदला नतीजा
सामान्य सदस्य पद पर दीपक और मयंक प्रकाश के बीच बेहद करीबी मुकाबला रहा। दोनों के बीच मात्र दो वोटों का अंतर था। इस पर दीपक ने पुनर्मतगणना की मांग की। रविवार को हुई री-काउंटिंग में भी परिणाम यथावत रहा और मयंक प्रकाश की जीत पर मुहर लग गई।
प्रमुख पदों पर वोटों का आंकड़ा
– अध्यक्ष : गोविंद सिंह बिष्ट (686), किशोर पंत (371)
– उपाध्यक्ष : ललित मेर (570), जितेंद्र सिंह बिष्ट (437)
– महिला उपाध्यक्ष : बसंती बिष्ट (634), निशा आर्या (385)
– सचिव : मोहन सिंह बिष्ट (558), विनीत परिहार (344), सौरभ बिष्ट (48), कुंदन सिंह बिष्ट (108)
– कोषाध्यक्ष : गौरव कपूर (422), हरेंद्र पडियार (394), चंदन सिंह (227)

