Breaking News

सीएम धामी की अपील कुबूल, मस्जिद और ईदगाहों में अता की नमाज

सीएम पुष्कर सिंह धामी की अपील के बाद सड़कों पर नहीं हुई नमाज।

– बनभूलपुरा समेत संवेदनशील इलाकों में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात, ड्रोन से हुई निगरानी

No Bakrid Prayers on Roads in Haldwani, DDC : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अपील का बकरीद पर व्यापक असर देखने को मिला। मुस्लिम समुदाय ने सार्वजनिक सड़कों के बजाय मस्जिदों, ईदगाहों और घरों में नमाज अता की। हल्द्वानी का मुख्य बाजार और बनभूलपुरा क्षेत्र की सड़कें खाली रहीं, जबकि पूरे जिले में भारी पुलिस बल और ड्रोन से निगरानी की गई।

बकरीद को लेकर पुलिस-प्रशासन पहले से ही पूरी तरह सतर्क नजर आया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने एक दिन पहले सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। गुरुवार सुबह से ही एसएसपी हल्द्वानी से नैनीताल तक व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।

इस बार पिछले वर्षों की तुलना में शहर में बड़ा बदलाव देखने को मिला। मीरा मार्ग स्थित मुख्य बाजार, जहां पूर्व में सड़क पर नमाज अता की जाती थी, पूरी तरह खाली नजर आया। हल्द्वानी रेलवे स्टेशन के पास ढोलक बस्ती से चोरगलिया रोड तक भी सड़क पर नमाज नहीं हुई। लाइन नंबर 17 स्थित लाल मस्जिद क्षेत्र में भी नमाज मस्जिद परिसर के भीतर ही अदा की गई।

बनभूलपुरा समेत संवेदनशील इलाकों में सुबह से ही पुलिस बल तैनात रहा। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल और सीओ सिटी अमित कुमार ने क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर हालात का जायजा लिया। पूरे जिले में शांति और अनुशासन का माहौल देखने को मिला।

कुर्बानी को लेकर भी प्रशासन ने पहले से दिशा-निर्देश जारी किए थे। तय स्थानों पर ही पर्दे के भीतर नियमों के अनुसार कुर्बानी की गई। कुर्बानी के बाद अवशेषों को ढककर निर्धारित गड्ढों में दफनाया गया।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत जिले में तीन एसपी, चार सीओ, 14 थाना प्रभारी और एसओ, 75 उपनिरीक्षक और सहायक उपनिरीक्षक, 254 हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल तैनात किए गए थे। इसके अलावा दो कंपनी पीएसी, पांच फायर टीमें, चार ड्रोन टीमें और एसडीआरएफ की दो टीमें भी मुस्तैद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top