नरेश पांडे के निजी गनर का हथियार जब्त, निरस्त होगा लाइसेंस

भवाली पुलिस की हिरासत में नरेश पांडे के गनर और बाउंसर।

– पुलिस ने तीनों गनर और बाउंसर को लिया राडार पर, लाइसेंस निरस्त करने के लिए एसएसपी ने डीएम को भेजी रिपोर्ट

Naresh Pandey’s Gunner’s Weapon Seized, DDC : बड़े विवाद से घिरे भवाली व्यापार मंडल के अध्यक्ष नरेश पांडे की मुश्किलें भले ही कम होती दिख रही हों, लेकिन पांडे के पीछे असलहे लेकर घूमने वाले उनके निजी गनर और बाउंसर की मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। पुलिस ने उनके तीन गनर और बाउंसर को राडार पर लिया है। एक का असलहा जब्त कर एसएसपी ने लाइसेंस निरस्त करने के लिए डीएम को रिपोर्ट भेज दी है।

बीती 14 मई को एक महिला ने कोतवाली मल्लीताल में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि नरेश पांडे ने शादी का झांसा देकर उसके साथ अवैध संबंध बनाए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि नरेश पांडे कुछ तथाकथित बाउंसरों और हथियारबंद लोगों के साथ क्षेत्र में घूमकर दहशत का माहौल बना रहा है। सूचना के बाद 19 मई को पुलिस ने भवाली कोतवाली में सभी बाउंसरों और प्राइवेट गनरों को बुलाकर सत्यापन, हथियारों की जांच और पूछताछ की।

जांच में सामने आया कि जसपुर निवासी लखविंदर सिंह अपने नाम पर जारी लाइसेंसी हथियार का इस्तेमाल नरेश पांडे को सुरक्षा देने में कर रहा था। एसएसपी डॉ.मंजूनाथ टीसी के मुताबिक हथियार का इस्तेमाल लाइसेंस की शर्तों के विपरीत किया जा रहा था और उसके जरिए इलाके में भय का माहौल बनाया जा रहा था। इस पर आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर हथियार जब्त कर लिया गया और उसके लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेज दी गई है।

इसके अलावा दो अन्य बाउंसरों विशेष नाग निवासी होशियारपुर पंजाब और मधुसूदन सिंह निवासी अल्मोड़ा के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top