- . मंगलवार सुबह करीब 9 बजे मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल गई थी महिला
Woman Killed by Tiger in Forest, DDC : नैनीताल जिले के ज्योलीकोट क्षेत्र अंतर्गत ज्योली गांव में बाघ के हमले में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, जबकि ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
जानकारी के अनुसार, 52 वर्षीय हेमा पांडे मंगलवार सुबह करीब 9 बजे अपने घर से मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल गई थीं। उनके साथ गांव की दो अन्य महिलाएं भी मौजूद थीं। कुछ समय बाद जब हेमा पांडे का संपर्क नहीं हुआ, तो साथ गई महिलाएं घबराकर गांव लौट आईं और परिजनों व ग्रामीणों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण जंगल की ओर पहुंचे और खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि बाघ ने महिला को अपना शिकार बनाया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इससे पहले भी पास के मोरा गांव में इसी तरह की घटना सामने आ चुकी है। उस समय वन विभाग ने एक बाघ को पकड़कर उसे आदमखोर घोषित किया था, लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र में बाघ की सक्रियता कम नहीं हुई है।
लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में डर और गुस्सा दोनों बढ़ता जा रहा है। लोगों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जल्द से जल्द आदमखोर बाघ को पकड़ने और इलाके में सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। वहीं, गांव में अभी भी दहशत का माहौल बना हुआ है।

