– धनगढ़ी नाले के समीप हुआ हादसा, सभी लोग नाला पार करने के लिए जल स्तर कम होने का कर रहे थे इंतजार
Two teachers were crushed by a bus, DDC : नैनीताल जिले के रामनगर में धनगढ़ी नाले के समीप एक बेकाबू बस ने बाइक पर सवार छह लोगों को रौंद दिया। हादसे में दो शिक्षकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि तीन शिक्षक समेत चार को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना तब हुई जब सभी बाइक सवार धनगढ़ी नाला पार करने के लिए जल स्तर कम होने का इंतजार कर रहे थे। हादसे की वजह बस का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है। पुलिस ने बस को सीज कर चालक को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार की सुबह से ही जिले भर में बारिश हो रही थी। रामनगर में धनगढ़ी नाला भी उफान पर आ गया था। इस पर पुलिस टीम ने वाहनों को रोक दिया था ताकि पानी के तेज बहाव में कोई हादसा न हो। नाले के दोनों तरफ वाहनों की कतारें लगी हुई थीं। इस बीच लोग बाइकों पर खड़े होकर जलस्तर घटने का इंतजार कर रहे थे, ताकि नाला पार किया जा सके।
इस बीच पीछे से आई तेज रफ्तार केमू की एक बस ने बाइकों को टक्कर मारते हुए लोगों को रौंद दिया। हादसे में छह लोगों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस टीम ने राहगीरों की मदद से सभी को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दो को मृत घोषित कर दिया। जबकि चार लोगों को गंभीर हालत में भर्ती किया है।
मृतकों की शिनाख्त सुरेंद्र सिंह पंवार (53 वर्ष) पुत्र बिशन सिंह पंवार निवासी गंगोत्री विहार कनियां और वीरेंद्र शर्मा (42 वर्ष) पुत्र देवीदत्त शर्मा निवासी मानिला विहार चोरपानी रामनगर के रूप में हुई। दोनों सल्ट के हरड़ा में शिक्षक थे। दोनों सोमवार की सुबह स्कूल जाने के लिए निकले थे। वहीं, घायलों में ललित पांडे, सत्यप्रकाश निवासी जसपुर, दीपक शाह निवासी मालधन, सुनील राज घायल हो गए।
कोतवाल अरुण सैनी ने बताया कि प्रथम दृष्टया बस के ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है, लेकिन स्पष्ट वजहें तकनकी जांच पूरी होने के बाद ही पता चल सकेगी। फिलहाल शवों का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। उन्होंने बताया कि चालक को हिरासत में लेने के साथ ही बस को सीज कर दिया है।


