– हल्द्वानी स्थित एसबीआई एयर प्लाजा से नगदी लेकर कंपनी से बोला झूठ और हड़प लिए
Radiant Cash Management Services, DDC : देशभर में नकदी प्रबंधन सेवाएं देने वाली कंपनी रेडिएंट कैश मैनेजमेंट सर्विसेज लिमिटेड ने अपने कर्मचारी कैश एक्जीक्यूटिव रोहित कुमार के खिलाफ गबन और धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगाया है। कंपनी का कहना है कि आरोपी ने ग्राहक से नकदी लेकर उसे बैंक में जमा नहीं किया और 3,90,526 रुपये की रकम हड़प ली। काठगोदाम पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि दिग्पाल सिंह नेगी ने पुलिस को बताया कि रोहित कुमार वर्ष 2016 से कंपनी के साथ जुड़ा हुआ है। उसका कार्यक्षेत्र विभिन्न बैंकों के ग्राहकों से नकदी एकत्र करना और उसे प्रतिदिन निर्धारित बैंक शाखा में जमा करना है।
बीते वर्ष 19 जुलाई को आरोपी ने एसबीआई एयर प्लाजा, हल्द्वानी से नकदी प्राप्त की। इसके बाद उसने कंपनी को सूचित किया कि कैशियर मौजूद नहीं है और ग्राहक के पास जमा करने के लिए कोई राशि नहीं है।
हालांकि कुछ ही समय बाद ग्राहक ने अपने खाते की जानकारी ली तो उसमें जमा न होने पर शक हुआ। कंपनी की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में आरोपी पर चोरी, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और जालसाजी का आरोप है।
काठगोदाम थानाध्यक्ष विमल मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सभी बिंदुओं पर पड़ताल कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
आंतरिक जांच में खुला राज
इस मामले की भनक लगते ही कंपनी ने तत्काल आंतरिक जांच कराई। जांच में पाया गया कि आरोपी रोहित कुमार ने ग्राहक से 3,90,526 रुपये नकद लिया था, लेकिन उसे बैंक में जमा नहीं किया। कंपनी का कहना है कि आरोपी ने पूछताछ में अपनी गलती स्वीकार भी की। कंपनी ने आरोप लगाया है कि इस धोखाधड़ी से न केवल उनकी वित्तीय हानि हुई है, बल्कि कंपनी की वर्षों से बनी बाजार में साख और विश्वसनीयता को भी ठेस पहुंची है।


