– नाबालिग को स्कूटी थमाना रिश्तेदार को भारी पड़ा, पुलिस ने बुलाया तो माफी मांगने लगा स्कूटी मालिक
FIR against relative of minor driver, DDC : नाबालिग के हाथ में स्कूटी थमाना नाबालिग के रिश्तेदार को भारी पड़ गया। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में वाहन चेकिंग के दौरान पकड़े गए नाबालिग को तो पुलिस ने छोड़ दिया, लेकिन उसे स्कूटी थमाने वाले नाबालिग के रिश्तेदार के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
बुधवार रात एसआई गौरव जोशी टीम के साथ रोडवेज बस स्टेशन क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे, तभी एक स्कूटी राजपुरा की तरफ से आती दिखी, जिसे बिना हेलमेट सवार चला रहा था। पुलिस ने स्कूटी रोकी और जांच की तो पता लगा कि स्कूटी चलाने वाला महज 14 साल का है, जिसके पास न तो स्कूटी के कागज थे और ही लाइसेंस।
पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि स्कूटी राजेंद्र नगर निवासी हिमांशु आर्या के नाम पर पंजीकृत है, जिसकी मौत हो चुकी है और अब स्कूटी का मालिक राजेंद्र नगर निवासी सुमित आर्या पुत्र स्व. राजेन्द्र आर्या है जो उसका रिश्तेदार है। पुलिस ने सुमित को मौके पर बुलाया तो वह माफी मांगने लगा।
हालांकि पुलिस ने वाहन स्वामी सुमित के खिलाफ नाबालिग को वाहन चलाने देना पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 199(ए) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि घटना के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।


