– एसटीएच में भर्ती थी साली, डिस्चार्ज होने के तीन दिन बाद मिली लाश, मृतक का बेटा पुलिस से लगाता रहा गुहार
Brother-in-law dies while caring for sister-in-law, DDC : नैनीताल जिले के हल्द्वानी स्थित डॉ.सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में साली की तीमारदारी में लगा जीजा, साली के डिस्चार्ज के साथ ही लापता हो गया। परिजन यहां-वहां उसे तलाशते रहे। न मिलने पर कोतवाली से लेकर एसएसपी दफ्तर तक के चक्कर काटे, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। साली के डिस्चार्ज होने के तीन दिन बाद लापता की लाश शांतिपुरी में मिली। जिसके बाद बेटे ने उनकी हत्या किए जाने का आरोप लगाया और कार्रवाई के लिए कोर्ट से दखल की मांग की। अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम थाला, थाना कांडा, जिला बागेश्वर निवासी दर्शन कुमार पुत्र स्व.हरीश चंद्र ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, हल्द्वानी की अदालत में दाखिल किए प्रार्थना पत्र में कहा, बीती 5 जुलाई 2025 को उनके पिता अपनी साली के इलाज के लिए परिजनों के साथ डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी गए थे। इलाज पूरा होने पर 7 जुलाई को सभी परिजन घर लौट गए, लेकिन पिता उनके साथ वापस नहीं आए। किसी ने भी उनके बारे में कोई सूचना नहीं दी।
8 जुलाई को दर्शन हल्द्वानी पहुंचा और पिता की खोजबीन शुरू की। जब पिता का कहीं पता नहीं चला तो वह शिकायत लेकर हल्द्वानी कोतवाली पहुंचा। हालांकि उसे इस संबंध में कोई रसीद नहीं दी गई। 10 जुलाई को हरीश चन्द्र का शव शान्तिपुरी क्षेत्र में मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद पता चला कि शव रुद्रपुर मोर्चरी में रखा गया है। इसके बाद दर्शन 22 जुलाई को फिर से कोतवाली हल्द्वानी पहुंचा और लिखित सूचना दी।
आरोप लगाया गया कि गोपाल राम पुत्र स्व. बलवन्त राम, पुष्पा देवी पत्नी स्व. बलवन्त राम, लक्ष्मण राम पुत्र, दीपा देवी पत्नी स्व. मोहन राम सभी निवासी ग्राम मंड गोपेश्वर, सिमुक्ता, बागेश्वर, नवीन चन्द्र पुत्र जोगा राम निवासी ग्राम सिमतोली, चमड़थाल, बागेश्वर व नन्दूराम निवासी बिन्दूखत्ता लालकुआं ने मिलकर हरीश चंद्र की हत्या कर दी। आरोप यह भी है कि दो बार सूचना और बार-बार अनुरोध करने पर भी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। 20 अगस्त को एसएसपी से शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं हुई।
जिसके बाद पीड़ित ने अदालत से अनुरोध किया। कोतवाल अमर चंद्र शर्मा ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


