– CO बोले – असलहा खोलने और जोड़ने का नियमित अभ्यास करें
Half yearly inspection in Banbhulpura Kotwali, DDC : क्षेत्राधिकारी सिटी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी ने शुक्रवार को कोतवाली बनभूलपुरा का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर से लेकर मालखाना, हवालात, भोजनालय और कार्यालयों तक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई। इस दौरान सीओ सिटी के तेवर सख्त नजर आए और पुलिस कर्मियों को कार्यप्रणाली सुधारने के सख्त निर्देश दिए गए।
गंदगी पर फटकार, साफ-सफाई के निर्देश
निरीक्षण की शुरुआत गार्द, थाना भवन, कार्यालय, बैरिक और हवालात से हुई। सीओ सिटी ने साफ-सफाई को लेकर नाराजगी जताई और नियमित स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। भोजनालय का निरीक्षण कर जवानों को गुणवत्तापूर्ण और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए।
लंबित मामलों पर दिखाई सख्ती
थाने के अभिलेखों और लंबित अभियोगों की समीक्षा करते हुए सीओ सिटी ने विवेचना अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण विवेचना और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही थाना कार्यालय स्टाफ को रिकॉर्ड का सही रख-रखाव करने की हिदायत दी गई।
CCTNS और ऑनलाइन पोर्टल अपडेट रखने के आदेश
निरीक्षण के दौरान CCTNS समेत सभी ऑनलाइन पोर्टल की स्थिति जांची गई। प्रभारी निरीक्षक को सभी पोर्टल समय-समय पर अपडेट रखने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।
मालखाने की जांच, असलहा खोल-जोड़ का अभ्यास जरूरी
माल मुकदमाती के पुलिंदों का मालखाना रजिस्टर से मिलान कराया गया और लंबित मालों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। सीओ सिटी ने असलहा, एम्युनेशन की गिनती कराते हुए पुलिस कर्मियों से कहा – “असलहा खोलने और जोड़ने का नियमित अभ्यास करें, हथियार हमेशा साफ-सुथरे और दुरुस्त हालत में होने चाहिए।”
हेल्प डेस्क पर आने वालों को तुरंत राहत देने के निर्देश
हेल्प डेस्क पर आने वाले फरियादियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने और पुलिस कार्रवाई के संबंध में फीडबैक लेने के निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण के दौरान कोतवाल दिनेश सिंह फर्त्याल, एसआई मनोज यादव सहित कोतवाली स्टाफ मौजूद रहा।


